छात्रवृत्ति घोटाले में 28 लोगों के खिलाफ एफआईआर

Written by Mahendra Narayan Singh Yadav | Published on: August 4, 2018
छत्तीसगढ़ में शिक्षा विभाग में जारी भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले छात्रवृत्ति घोटाले में करीब 28 घोटालेबाज़ों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

Scam
 
इनमें 13 स्कूल संचालक, सात-सात नोडल अफसरों और प्राचार्यों के साथ-साथ तत्कालीन सहायक संचालक आदिम जाति कल्याण विभाग भी शामिल हैं।
 
इन सब ने मिलकर जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा ब्लॉक में छात्रवृत्ति के नाम पर करीब 75 लाख रुपए मिलकर हड़प लिए थे।
 
घोटाले की जांच कैग की टीम ने की थी और फिर अपनी रिपोर्ट अजाक अधिकारी को सौंपी थी। इसके बाद बलौदा पुलिस ने 6 महीने जांच के बाद स्कूल संचालकों और अफसरों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
 
ये घोटाला बलौदा ब्लॉक के लेवाई, पनोरापारा, कुरमा, बगडबरी, खिसौरा, उदयपुर, अंगारखार, डोंगरी, पोंच, मिलभांठा समेत 13 स्कूलों में हुआ था। इनमें निजी स्कूल संचालकों ने ज्यादा लंबा हाथ मारा था। अधिकारियों ने भी बड़ा खेल किया और कई ऐसे स्कूलों के नाम से छात्रवृत्ति जारी कर दी थी जो कहीं थे ही नहीं। स्कूलों में दर्ज बताए गए छात्रों की संख्या से भी ज्यादा छात्रवृत्ति निकाली गई थी।
इस मामले में कई विभागीय कर्मचारी पहले भी गिरफ्तार हुए थे, लेकिन घोटाला तब भी जारी रहा।
 
ग्रामीणों की शिकायत के बाद कैग की टीम ने अक्टूबर और नवंबर में ऐसे स्कूलों की जांच की थी और छात्रवृत्ति के वितरण में गंभीर अनियमितता पाई थी।
 
गुरुवार को बलौदा पुलिस ने तत्कालीन सहायक आयुक्त, 13 स्कूल संचालक, सात नोडल अधिकारी और इतने ही प्राचार्य के खिलाफ धारा 419, 420, 409, 467, 468, 471, 34 के तहत जुर्म दर्ज किया है। घोटाले में तत्कालीन सहायक आयुक्त एच आर चौहान का नाम भी शामिल है।
 
 

बाकी ख़बरें