राहुल का अपमान करने पर सांसद को लोगों ने खदेड़ा

Written by Mahendra Narayan Singh Yadav | Published on: December 4, 2018

राजस्थान विधानसभा चुनावों में भाजपा को पिछड़ते देख, भाजपा के नेता बदजुबानी करने लगे हैं, लेकिन अब उन्हें ऐसा करना भारी भी पड़ने लगा है।
 

भाजपा सांसद देवजी भाई को फटकार लगातीं कांग्रेस पार्षद सीता दामोर

Image Courtesy: ANI


बांसवाड़ा में ऐसी ही एक घटना में राहुल गांधी के लिए अपमानजनक भाषा बोलने पर भाजपा सांसद देवजी भाई को लोगों ने खदेड़ दिया। घटना का वीडियो भी वायरल हो चुका है।

देवजी भाई गुजरात के सुरेंद्रनगर से भाजपा सांसद हैं, और वे राजस्थान के बांसवाड़ा के भागाकोट इलाके में भाजपा प्रत्याशी हकरू मईड़ा के पक्ष में चुनाव प्रचार करने आए थे। जब वे वार्ड नंबर 36 पहुंचे तो वहां पर वार्ड की पार्षद सीता दामोर भी पहुंच गईं।

जब देवजी भाजपा सरकार के विकास के दावे कर रहे थे तभी सीता दामोर ने उनसे कह दिया किप्रदेश में पांच साल से भाजपा की सरकार है। सड़क पर हर जगह गड्ढे हैं, कम से कम यहां की सड़कों के गड्ढे तो भरवा दो। 

इस पर देवजी गुस्से में आ गए। जब उन्हें पता चला कि सीता दामोर कांग्रेस की पार्षद हैं तो उन्होंने सीधे कह दिया- “आप अपने पप्पू को बुला लो, वही गड्ढा भर देगा”।

इस पर न केवल सीता दामोर बल्कि स्थानीय लोग भी भड़क गए। लोगों ने भाजपा सांसद को जमकर खरी-खोटी सुनाईं। हारकर सांसद ने सबके सामने माफी मांगी, लेकिन सीता दामोर और स्थानीय लोग उन्हें बुरी तरह से फटकारते ही रहे।

गुस्साए लोगों ने देवजी को घेर लिया और भीड़ भी काफी बढ़ गई तो सांसद निकल भागने का रास्ता खोजने लगे। जैसे ही उन्हें जगह मिली, वो मौके से भाग निकले, लेकिन स्थानीय लोग उन्हें खोजते भाजपा के दफ्तर तक पहुंच गए।

इस पर भाजपा नेताओं ने सांसद देवजी भाई को चुनाव प्रचार छोड़कर वापस गुजरात जाने को कह दिया और देवजी ने भी इसी में अपनी भलाई समझी।

बाकी ख़बरें