वाराणसी: 378 बूथों पर अब तक नहीं मिला एक भी फॉर्म-6, अजगरा में सबसे ज्यादा 115

Written by sabrang india | Published on: November 26, 2026
डीएम ने राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठक कर बीएलए के नामांकन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।



विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा के दौरान पता चला कि जिले के 378 मतदान केंद्रों पर अब तक एक भी फॉर्म-6 जमा नहीं हुआ है। इनमें सबसे अधिक 115 बूथ अजगरा क्षेत्र के हैं। इस स्थिति को देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को इन बूथों पर विशेष ध्यान देने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की गई।

इस दौरान राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने में सहयोग करने की अपील की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि 17 से 23 नवंबर के बीच प्राप्त फॉर्म-6, 7 और 8 की विधानसभा क्षेत्रवार संख्या राजनीतिक दलों के साथ साझा कर दी गई है। इस दौरान यह स्पष्ट किया गया कि फॉर्म-6 भरते समय मतदाता का क्रमांक, ईपीआईसी (EPIC) नंबर और जानकारी प्राप्त होने का स्रोत दर्ज करना अनिवार्य होगा।

बैठक में समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार भी मौजूद रहे।

28-29 नवंबर को सभी बूथों पर विशेष कैंप

समीक्षा बैठक में सामने आया कि शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के 27 बूथों पर अब तक एक भी फॉर्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है। इसके अलावा अजगरा के 115, शिवपुर के 41, रोहनिया के 111, वाराणसी उत्तरी के 43, वाराणसी दक्षिणी के सात, वाराणसी कैंट के आठ और सेवापुरी के 21 बूथों पर भी नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए कोई आवेदन नहीं आया है।

इस तरह जिले के कुल 378 बूथ ऐसे हैं, जहां अब तक फॉर्म-6 जमा नहीं हुआ है। इसे देखते हुए संबंधित अधिकारियों को इन बूथों पर विशेष ध्यान देने और तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने बताया कि 28 और 29 नवंबर (शनिवार और रविवार) को सभी बूथों पर बीएलओ की तैनाती कर विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

Related

महाराष्ट्र के भुसावल विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-7 के तहत दर्ज 14,567 आपत्तियों में से केवल 74 ही वैध पाई गईं

हमारा संविधान, जनता का अधिकार: क्या हम इसकी रक्षा कर रहे हैं? | तीस्ता सीतलवाड़

बाकी ख़बरें