वाराणसी: नमो घाट पर बाउंसरों की पिटाई से पर्यटक की मौत, 4 गिरफ्तार

Written by sabrang india | Published on: May 27, 2026
प्रवेश को लेकर हुई मामूली बहस के बाद एक गरीब पर्यटक की बेरहमी से पिटाई की गई। लाठी-डंडों और रॉड से किए गए हमले में पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई।



वाराणसी की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत विकसित नमो घाट पर सुरक्षा में तैनात बाउंसरों और गार्ड्स पर गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि प्रवेश को लेकर हुई मामूली बहस के बाद एक गरीब पर्यटक की बेरहमी से पिटाई की गई। लाठी-डंडों और रॉड से किए गए हमले में पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई।

आज तक की रिपोर्ट के अनुसार, वाराणसी के नमो घाट पर एक पर्यटक को सिक्योरिटी गार्ड्स और बाउंसरों ने मिलकर हॉकी, रॉड और डंडों से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राजेश और उसका साथी सोनभद्र से वाराणसी घूमने आए थे। सुबह समय से पहले नमो घाट पहुंचने और प्रवेश को लेकर पर्यटकों तथा सिक्योरिटी गार्ड्स के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद सिक्योरिटी गार्ड्स और बाउंसरों ने मिलकर हॉकी, रॉड और डंडों से पांचों पर्यटकों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक पर्यटक, राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग भी बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

वाराणसी में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ उनके उत्पीड़न और मारपीट की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। लेकिन नमो घाट पर हुई इस हालिया घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड्स और बाउंसरों ने एक पर्यटक को रॉड, हॉकी और डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हिंसक घटना में मृतक के चार साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

क्या था विवाद?

जानकारी के अनुसार, सोनभद्र जिले के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित पडली गांव निवासी राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल अपने चार साथियों के साथ तड़के सुबह नमो घाट घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान नमो घाट के गेट नंबर 2 पर प्रवेश को लेकर उनकी प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स से कहासुनी हो गई, जिसके बाद मामला बढ़ता चला गया।

कुछ ही देर में रॉड, हॉकी और डंडों से लैस दर्जनों बाउंसरों और सिक्योरिटी गार्ड्स ने सोनभद्र से आए पांचों पर्यटकों पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान निहत्थे चार युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले, लेकिन राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही जमीन पर गिर पड़े।

आरोप है कि सिक्योरिटी गार्ड्स और बाउंसरों ने राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल की तब तक पिटाई की, जब तक उनकी हालत बेहद गंभीर नहीं हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

सब्जी बेचकर घर का खर्च चलाते थे

बताया जा रहा है कि राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और सब्जी बेचकर घर का पालन-पोषण करते थे। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य हमलावरों की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी नमो घाट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड्स और बाउंसरों पर लोगों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के कई आरोप लग चुके हैं। हालांकि, स्थानीय स्तर पर मामले अक्सर थाने तक पहुंचने के बाद शांत हो जाते रहे हैं। नमो घाट का संचालन स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत एक निजी कंपनी को सौंपा गया है, जिसकी ओर से वहां सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स और बाउंसर तैनात किए गए हैं। घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।

हमलावर गिरफ्तार

इस मामले में ACP विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सोनभद्र निवासी पांच युवक बीती रात करीब तीन बजे नमो घाट घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान गेट नंबर 2 पर उनकी सिक्योरिटी गार्ड्स से कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। झगड़े में राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल को गंभीर चोटें आईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चार प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया है।

Related

बिहार का मुस्लिम युवक ट्रेन में मारपीट का मैसेज भेजने के बाद लापता, गुमशुदगी का मामला दर्ज

बाकी ख़बरें