किसानों को रौंदती SUV का वीडियो वायरल, प्रियंका गांधी ने पूछा- मोदी जी, क्या आपने ये देखा ?

Written by Sabrangindia Staff | Published on: October 5, 2021
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में किसानों की मौत के मामले पर हंगामा जारी है। बीजेपी नेता और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष पर गाड़ी चढ़ाने का आरोप है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सायरन बजाती हुई SUV कार नारेबाजी करते हुए जा रहे किसानों को पीछे से आकर रौंदते हुए जाती दिख रही है। 



लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हुई थी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और आप नेता संजय सिंह ने भी इस वीडियो को शेयर किया है। प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए वीडियो शेयर कर सवाल पूछा है-

@narendramodi जी आपकी सरकार ने बग़ैर किसी ऑर्डर और FIR के मुझे पिछले 28 घंटे से हिरासत में रखा है। अन्नदाता को कुचल देने वाला ये व्यक्ति अब तक गिरफ़्तार नहीं हुआ। क्यों?


इसके अलावा उन्होंने एक और वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछा है। वीडियो में प्रियंका गांधी ने कहा-
''मोदी जी नमस्कार। मैंने सुना है कि आज आजादी का अमृत उत्सव मनाने के लिए आप लखनऊ आ रहे हैं। क्या आपने ये वीडियो देखा है। जिसमें आपकी सरकार के मंत्री का बेटा किसानों को अपनी गाड़ी के कुचलते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो को देखिए और इस देश को बताइये कि इस मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया गया और मंत्री के बेटे को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। मेरे जैसे विपक्ष के नेताओं को तो आपने हिरासत में बिना किसी ऑर्डर और एफआईआर के रखा है, मैं जानना चाहती हूं कि ये आदमी आजाद क्यों है। आज जब आप आजादी के अमृत उत्सव की महफिल में बैठे होंगे तो याद कीजिए कि आजादी हमको किसने दिलाई। इन्हीं किसानों ने हमें आजादी दिलाई। आज भी किसानों के बेटे सीमा पर देश की सुरक्षा कर रहे हैं। किसान महीनों से त्रस्त है, अपनी आवाज उठा रहे हैं। आप उसे नकार रहे हैं। मैं आपसे आग्रह करती हूं लखीमपुर आइए ना। इस अन्नदाता की जो देश की आत्मा भी है...., उनकी पीड़ा समझिए और सुनिए। उनकी सुरक्षा करना आपका धर्म है.... आपका कर्तव्य है.... जय हिंद, जय किसान।''

बता दें कि लखीमपुर खीरी में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने जा रहीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को सीतापुर में हिरासत में लिया गया था। इससे पहले उनके साथ धक्का-मुक्की की खबर आई। कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा था कि प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाते समय पुरुष पुलिस अधिकारी ने उन पर हाथ उठाया है।

मंत्री के बयान के बाद हुआ था बवाल-
विवाद की जड़ में केंद्रीय मंत्री के बयान 'सुधर जाओ वरना सुधार देंगे' को माना जा रहा है। केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र को 25 सितंबर को लखीमपुर जाते समय किसानों ने काले झंडे दिखाए थे। मिश्र इससे खफा हो गए। उन्होंने जनसभा में कहा कि अगर हम कार से उतर जाते तो उन्हें भागने का रास्ता नहीं मिलता। कृषि कानून के खिलाफ केवल 10-15 लोग शोर मचा रहे हैं। सुधर जाओ, वरना हम सुधार देंगे, दो मिनट लगेंगे। किसान एक सप्ताह से इस टिप्पणी का विरोध कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे को रोकने के लिए एकत्रित हुए थे। 

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को मिश्र के गांव बनवीरपुर में विकास योजनाओं का शिलान्यास करने पहुंचे थे। उनका हेलिकॉप्टर न उतरे इसलिए किसानों ने हेलीपैड कब्जा लिया। इस कारण मौर्य सड़क मार्ग से खीरी पहुंचे। दोपहर 12 बजे शिलान्यास हुआ। इसके बाद मौर्य को दंगल का उद्घाटन करना था। रास्ते में तिकुनिया में किसान बड़ी संख्या जमा थे, तो मौर्य का रूट बदल दिया गया। यहीं पर मंत्री के बेटे और किसानों में विवाद शुरू हुआ। 

Related:

बाकी ख़बरें