उत्तराखंडः दलित छात्रा के साथ रेप की कोशिश, गला दबाकर झाड़ी में फेंका

Written by Sabrangindia Staff | Published on: June 22, 2019
उत्तराखंड के टिहरी जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहां दलित समुदाय की एक सत्रह वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। उसके साथ पहले मारपीट की गई फिर गला दबाकर झाड़ियों में फेंक दिया। परिजनों की तहरीर पर मसूरी थाने में आरोपी सवर्ण युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। 



आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि परिजनों की ओर से मसूरी पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक पास के गांव के एक  युवक ने एक दोस्त से मिलाने के बहाने किशोरी को मसूरी बाईपास पर बुलाया था। 

आरोप है कि करीब साढ़े छह बजे इस दौरान युवक ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश की, उसके कपड़े फाड़कर, गला दबाकर मारपीट कर उसे सिया गांव के पास पेट्रोल पंप के पास झाड़ियों में फेंक दिया। यहां से गुजर रहे लोगों ने किशोरी को बेहोशी की हालत में कैम्पटी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से मसूरी अस्पताल और फिर मसूरी से दून अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परिजनों को करीब 9 बजे घटना की सूचना दी गई। इसके बाद परिजन मसूरी पहुंचे। दून अस्पताल में  किशोरी को होश आया और उसने आपबीती बताई। मसूरी पुलिस ने आरोपी कमल सिंह बिष्ट पुत्र सुमेर सिंह  निवासी कफूल्टी थाना कैंपटी के खिलाफ पॉक्सो, 356 क, 323, 307, 504, 506 आदि धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। 

बाकी ख़बरें