देश में एक बार फिर कैश की किल्लत शुरु, आरबीआई से नहीं मिल रहा पैसा

Published on: May 2, 2017
गोरखपुर। देश में एक बार फिर कैश की किल्लत शुरु हो गई है। आरबीआई से करेंसी नहीं मिल पाने की वजह से गोरखपुर के एटीएम कंगाल हैं। लोग एक एटीएम से दूसरे एटीएम भटक रहे हैं, लेकिन खाली हाथ लौट रहे हैं। करीब एक महीने से यह संकट बना हुआ है। इसके बावजूद बैंक यह बताने की स्थिति में नहीं हैं कि कैश की किल्लत कब तक दूर होगी। हालांकि सभी बैंकों के अधिकारी लगातार आरबीआई से करेंसी उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। 

cash crunch
 
सामान्य तौर पर गोरखपुर के बैंकों को 15 दिन पर करीब 500 करोड़ रुपये रिजर्व बैंक की ओर से दिया जाता है, लेकिन मार्च के अंतिम सप्ताह से अप्रैल के पहले सप्ताह तक बैकों को मात्र 800 करोड़ रुपये ही मिले हैं। इस करेंसी से किसी तरह अप्रैल में काम चल गया, लेकिन अधिकांश बैंक एटीएम में करेंसी लोड करने की बजाए बैंक में आने वाले अपने खाताधारकों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इस वजह से शहर के तमाम एटीएम खाली पड़े हैं और लोग पैसों के लिए भटक रहे हैं।

अमर उजाला के मुताबिक गोरखपुर शहर में 256 एटीएम हैं। इनमें सर्वाधिक स्टेट बैंक के हैं। लेकिन बैंक रोड स्थित स्टेट बैंक की मुख्य शाखा को अलावा शहर के किसी भी अन्य स्टेट बैंक एटीएम में कैश नहीं है। एसबीआई बैंक रोड के एजीएम अमर सिंह ने बताया कि उपलब्ध करेंसी से पिछले कई दिनों से काम चलाया जा रहा है। कोशिश रहती है कि एटीएम में भी करेंसी लोड की जाए।

सेंट्रल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक, आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि करीब 40 दिन पहले हमारे बैंकों को रिजर्व बैंक से करेंसी उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद से हमें कोई भी करेंसी नहीं मिली। इससे हमारे तीनों करेंसी चेस्ट पूरी तरह से खाली हो चुके हैं। इलाहाबाद बैंक से करेंसी लेकर काम चलाना पड़ रहा है। खाताधारकों से मिलने वाली करेंसी से काम चल रहा है। अगर जल्द आरबीआई करेंसी उपलब्ध नहीं कराता है तो परेशानी काफी बढ़ जाएगी।
 
संपादन- भवेंद्र प्रकाश

Courtesy: National Dastak

बाकी ख़बरें