मध्य प्रदेश में आदिवासी महिला की पिटाई का वीडियो वायरल, पति को कंधे पर बैठाकर निकाला जुलूस

Written by Navnish Kumar | Published on: July 7, 2022
मध्य प्रदेश में एक आदिवासी महिला को जिंदा जलाए जाने की घटना को मुश्किल से तीन दिन भी नहीं हुए थे कि अब एक आदिवासी महिला की पिटाई करने और पति को कंधे पर बैठाकर जुलूस निकाले जाने का वीडियो वायरल हो रहा है। मामला मध्य प्रदेश के देवास का है। पुलिस के अनुसार, महिला तीन-चार दिनों से लापता थी और बाद में वह अपने एक पुरुष मित्र के साथ मिली। इससे उसका पति और समुदाय के लोग भड़क गए और उन्होंने कानून अपने हाथ में लेकर उसे दंडित करने का फैसला किया। आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता के पति सहित करीब दर्जन भर लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उन पर मारपीट, दंगा करने, एक महिला के साथ खराब व्यवहार करने और आपराधिक धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।



मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें भीड़ एक महिला का जुलूस निकाल रही है। एक आदमी महिला के कंधे पर बैठा हुआ है और साथ में चल रहे लोग नारे लगा रहे हैं। कभी महिला को गाली दे रहे हैं, कभी उसे मार रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि जुलूस के बाद महिला को एक चौराहे पर ले जाकर, कई सारे पुरुष उसे पीट रहे हैं। महिला को लोग घूसों से, लात से, बेल्ट और डंडे से मार रहे हैं। कुछ लोग उसके बाल खींच रहे हैं तो किसी ने धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। लेकिन इसके बावजूद उसे कोई उठाता नहीं है। हालांकि कुछ लोग उस पर हो रहे हमलों को रोकने की कोशिश करते हैं। इसके बाद जूते की माला उसके गले में डालकर उसे फिर से पूरे गांव में घुमाया जाता है। ये सब इस महिला के साथ इसलिए किया जा रहा है क्योंकि कथित तौर पर उसके अपनी शादी के इतर भी संबंध थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना मध्य प्रदेश के देवास जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर उदयनगर थाना क्षेत्र के बोरपडाव गांव में हुई। मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों ने महिला के कपड़े भी फाड़ दिए और उसके साथ दुर्व्यवहार किया। पुलिस के मुताबिक गांव वालों के सामने महिला का पति उसकी बेरहमी से पिटाई करता दिखाई दिया और बाद में महिला को अपने पति को कंधों पर उठाकर ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। गांव वाले उस पर जूतों की माला डालते नजर आए।

महिला और उसके कथित प्रेमी को तालिबानी सजा दी और उसके साथ बर्बरता की। ग्रामीणों ने महिला के पति को उसके कंधों पर बैठाकर गांव में जुलूस निकाला। वहीं, महिला और उसके कथित प्रेमी को जूते-चप्पल की माला पहनाई और कथित तौर पर महिला के बाल भी काट दिए। बाद में दोनों का गांव भर में जुलूस निकाला गया। घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में ग्रामीण महिला को बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान वीडियो में दिख रही भीड़ मूकदर्शक बनी रही।

पुलिस ने कहा कि महिला तीन-चार दिनों से लापता थी और बाद में वह अपने एक पुरुष मित्र के साथ मिली। इससे उसका पति और समुदाय के लोग भड़क गए और उन्होंने कानून अपने हाथ में लेकर उसे दंडित करने का फैसला किया।

इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने भी सरकार को घेरा है। उन्होंने ट्वीट किया, “शिवराज जी मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि प्रदेश में आदिवासी महिलाओं पर इस कदर के बर्बर जुल्म क्यों हो रहे हैं? आखिर क्या वजह है कि आप घोषणाएं करते जाते हैं और आदिवासी महिलाओं पर अत्याचार बढ़ते जाते हैं? यह पहला मामला नहीं है, कभी नेमावर में आदिवासी परिवार को जमीन में जिंदा गाड़ दिया जाता है, कभी नीमच में एक आदिवासी को जीप से बांधकर घसीटकर कर मार डाला जाता है। बहुत से मामलों में इस तरह के जुल्म करने में भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ भी सामने आ चुका है। आप आदिवासियों के नाम पर नौटंकी करते रहते हैं और आदिवासियों की हालत दिन पर दिन खराब होती जाती है। शिवराज जी मैं अपने आदिवासी भाई बहनों की स्थिति पर शर्मसार हूं, क्या आपको भी शर्म आती है?”



उधर, पुलिस ने सोमवार को कहा कि पीड़िता के पति सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उन पर मारपीट, दंगा करने, एक महिला के साथ खराब व्यवहार करने और आपराधिक धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। घटना रविवार की बताई गई लेकिन सोमवार को इसका खुलासा हुआ।

देवास के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने कहा, “महिला एक सप्ताह पहले लापता हो गई थी। उसके पति ने उदय नगर पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। हाल ही में, उसे पता चला कि महिला एक आदमी के घर में रह रही थी। महिला का पति वहां पहुंचा और उसे ग्रामीणों के सामने घसीटा। बाद में उसकी बेरहमी से पिटाई की गई।” सूर्यकांत शर्मा ने कहा, “ग्रामीणों ने उसे जूते की एक माला पहनने के लिए मजबूर किया और उसे अपने पति को ले जाने के लिए मजबूर किया। चार ग्रामीणों ने महिला को पति को ले जाने और गांव में चलने में मदद की।” बाद में महिला के दोस्त ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को सूचित किया कि उसकी 15 साल की उम्र में शादी हो गई थी और उसका पति उसे प्रताड़ित करता था इसलिए वह भाग गई।

पुलिस 11 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 147 (दंगा करने की सजा), 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल), 294 (अश्लील भाषा का इस्तेमाल), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुँचाने), 452 (घर में अतिचार), 509 (महिला की मर्यादा का अपमान) और 506 (आपराधिक धमकी), के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

क्या है मामला
देवास के एसपी शिव दयाल सिंह ने बताया कि वीडियो में दिख रही 35 वर्षीय महिला की शादी को 15 साल हो चुके हैं और उसके तीन बच्चे हैं। करीब एक हफ्ते पहले महिला अपने घर से लापता हो गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि महिला अपने पति और बच्चों को छोड़कर उसी गांव के दूसरे पुरुष के साथ बिना किसी को बताए रहने लगी। कई बार महिला के पति ने उसे ढूंढने की कोशिश की पर वह नहीं मिली। उसने उदयनगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। फिर जब शनिवार को उसके पति और परिवार के अन्य सदस्यों को पता चला कि वह उसी गांव के एक अन्य व्यक्ति के घर पर है तो परिजन वह जा पहुंचे। एसपी ने कहा कि शनिवार को महिला का पति जब पहुंचा तो महिला का प्रेमी उसे एक बक्से में छिपाने की कोशिश कर रहा था। तभी पति ने उसे बाहर निकाला और ग्रामीणों के सामने उसकी पिटाई शुरू कर दी।

एसपी शिव दयाल ने बताया कि इस घटना में महिला के पति और ग्रामीणों द्वारा उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसे जमीन पर घसीटा गया। इसके बाद महिला को पति को अपने कंधों पर उठाकर गांव भर में घुमाने के लिए मजबूर किया गया। इस सबके बाद भी पति और ग्रामीणों का अत्याचार यहीं खत्म नहीं हुआ, बल्कि महिला और उसके कथित प्रेमी को जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया।

एक ग्रामीण ने दी पुलिस को सूचना
पुलिस के मुताबिक, इस घटना की जानकारी किसी ग्रामीण द्वारा उन्हें दी गई थी, जिसके बाद डायल-100 की टीम ने गांव में पहुंचकर महिला को बचाया और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले गए। पुलिस ने बताया कि महिला अब अपने मायके में है। मामले में आईपीसी की धारा 354ए (यौन उत्पीड़न), 354बी (छेड़छाड़), 452 (अत्याचार), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 506 (आपराधिक धमकी), 147 (दंगा) और 148 (घातक हथियार का इस्तेमाल व उपद्रव करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके मामले पति और उसके छोटे भाई सहित करीब दर्जन भर लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
 
भीड़ देखती रही तमाशा, मोबाइल से वीडियो बनाते रहेः 
जब महिला की पिटाई की जा रही थी। उस दौरान बड़ी संख्या में गांव के लोग जमा थे। जिसमें महिला से लेकर बच्चे व बुजुर्ग सम्मिलित थे। महिलाओं ने भी पीड़ित महिला को बचाने का प्रयास नहीं किया। मारपीट के दौरान महिला दो बार जमीन पर भी गिर गई। लोग हंसते रहे और घटना का वीडियो भी बनाते रहे।

Related:

बाकी ख़बरें