मध्य प्रदेश : पेंचवैली एक्सप्रेस से खींचकर अली खान की पीट-पीटकर हत्या

Written by sabrang india | Published on: June 3, 2026
यह घटना बैतूल जिले के बोरदेही रेलवे स्टेशन पर हुई। अली खान के साथ यात्रा कर रहे उनके दोस्तों ने हमलावरों से बचने के लिए ट्रेन के अलग-अलग डिब्बों में छिपकर अपनी जान बचाई।



पेंचवैली एक्सप्रेस में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में छिंदवाड़ा निवासी अली खान की कथित तौर पर ट्रेन से नीचे खींचकर बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई। यह घटना रविवार रात बैतूल जिले के बोरदेही रेलवे स्टेशन पर हुई। अली खान के साथ यात्रा कर रहे उनके दोस्तों ने हमलावरों से बचने के लिए ट्रेन के अलग-अलग डिब्बों में छिपकर अपनी जान बचाई।

दोस्तों के साथ घूमने निकला था युवक

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, अली खान अपने मित्र जयंत विश्वकर्मा, शिवम मालवीय और यश उर्फ रिक्की के साथ पेंचवैली एक्सप्रेस से घूमने जा रहा था। सफर के दौरान परासिया स्टेशन के पास सीट पर बैठने को लेकर अली का एक अन्य यात्री से विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक कहासुनी हुई, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया और ट्रेन आगे बढ़ गई।

साथियों को बुलाकर ट्रेन से खींचकर पीटा

मृतक के साथियों के अनुसार, ट्रेन में हुए विवाद के बाद दूसरे पक्ष के एक युवक ने अपने परिचितों को फोन कर बोरदेही रेलवे स्टेशन पर बुला लिया था। आरोप है कि जैसे ही पेंचवैली एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची, वहां पहले से 12 से 15 युवकों का एक समूह मौजूद था। उस समय अली खान ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े थे। कथित तौर पर हमलावरों ने उन्हें जबरन ट्रेन से नीचे उतार लिया और डंडों व अन्य वस्तुओं से उन पर बेरहमी से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि मारपीट इतनी गंभीर थी कि अली खान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक के साथियों ने बताया कि हमलावर अन्य युवकों की भी तलाश कर रहे थे। इससे घबराकर उन्होंने ट्रेन के अलग-अलग डिब्बों में छिपकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद वे आमला पहुंचे, जहां उन्होंने जीआरपी को पूरे मामले की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई।

सोमवार सुबह स्टेशन परिसर में अली खान का शव मिलने के बाद जीआरपी ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। वहीं, घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर मामले की गहन जांच की जा रही है।

जीआरपी थाना प्रभारी प्रमोद पाटिल ने बताया कि मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। साथ ही, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।

Related

गुजरात हाई कोर्ट ने बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति की ‘हिरासत में मौत’ के मामले में तत्काल FIR दर्ज करने की याचिका खारिज की

बिहार का मुस्लिम युवक ट्रेन में मारपीट का मैसेज भेजने के बाद लापता, गुमशुदगी का मामला दर्ज

बाकी ख़बरें