UP में जंगलराज: रायबरेली से कांग्रेस विधायक के काफिले पर हमला, कार पलटी

Written by sabrang india | Published on: May 15, 2019
यूपी की रायबरेली लोकसभा सीट कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की परंपरागत सीट है। इसे हॉट सीट माना जाता है और यह सीट हमेशा चर्चा में रहती है। मंगलवार को यहां राजनीति उस वक्त गरमा गई जब सदर सीट से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह पर कथित रूप से हमला किया गया। बताया जा रहा है कि विधायक अदिति सिंह की गाड़ी काफी दूर तक दबंगों से बचते हुए आगे चलती रही और फिर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। 

जानकारी के अनुसार इस दौरान एमएलए अदिति सिंह की कार समेत उनके काफिले की तीन अन्य गाड़ियां भी पलट गईं। बताया जा रहा है कि हादसे में अदिति सिंह घायल हो गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना रायबरेली में हरचंदपुर थाना क्षेत्र के मोदी स्कूल के पास हुई। 

दरअसल, जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के दिन आज रायबरेली में अराजकता चरम पर थी। रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह का आरोप है कि उनकी हत्या का प्रयास किया गया। इस मामल में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने पुलिस से रिपोर्ट तलब की है।

रायबरेली में आज दबंग छवि के जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आना था। जिला पंचायत अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले कांग्रेस विधायक अदिति सिंह की गाड़ी का पीछा किया गया। अदिति सिंह लखनऊ से रायबरेली आ रही थीं। इसी दौरान टोल प्लाजा के बाद उनके वाहन पर हमला किया गया। लखनऊ-प्रयागराज हाई-वे पर उनकी गाड़ी को रोक कर उसमें तोडफ़ोड़ की गई। इसमें अदिति सिंह को हाथ में चोट भी आई है।

अदिति सिंह ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह के गुर्गों ने हत्या के इरादे से उनके ऊपर जानलेवा हमला किया है। अदिति ने कहा कि मेरा वाहन गुंडों ने पलटा है। इसके बाद मेरी गाड़ी पर दूसरे वाहनों से ठोकर मारी गई। हमला करने वालों में जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह भी शामिल थे। 

अदिति सिंह ने कहा कि लखनऊ से रायबरेली आते समय जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह ने हमला कराया है। दिनेश प्रताप सिंह के कॉलेज के बाहर 50-60 हर तरीके के हथियारों से लैस लड़को ने हमला किया। जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह भी उनके साथ मौजूद थे। उन्होंने कहा वह अवधेश प्रताप के खिलाफ नामजाद मुकदमा दर्ज कराऐंगी। अदिति सिंह की गाड़ी पलटने की यह घटना हरचंदपुर थाना क्षेत्र के मोदी स्कूल के पास की बताई जा रही है। 


 

बाकी ख़बरें