मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में हारेगी भाजपा: ओपीनियन पोल

Written by Mahendra Narayan Singh Yadav | Published on: August 14, 2018
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाने का दावा करते दिख रहे हैं, लेकिन भाजपा के ही सबसे बड़े गढ़ माने जाने वाले मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में उसकी हार की नौबत आ गई है।

Congress BJP

इन तीनों ही राज्यों में 2018 के अंत में ही चुनाव होने हैं। एबीपी न्यूज़ और सीवोटर के सर्वे में बताया गया है कि तीनों ही राज्यों में कांग्रेस बहुमत पा जाएगी और भाजपा सत्ता से पैदल हो जाएगी।

सबसे पहले बात मध्यप्रदेश की करें जहां 230 सीटों में से कांग्रेस 117 सीटें लेकर आराम से सरकार बनाती दिख रही है, जबकि अन्य दल भी 7 सीटें पाते दिख रहे हैं। भाजपा 106 सीटें लेकर सत्ता से बाहर जाती दिख रही है। कांग्रेस का वोट प्रतिशत 42 और भाजपा का वोट प्रतिशत 40 होने के आसार हैं। अन्य दल और निर्दलीय भी 18 प्रतिशत तक वोट पाते दिख रहे हैं।
 
पार्टी सीटें
कांग्रेस 117
भाजपा 106
अन्य दल 7
कुल सीटें 230

अब बात मध्यप्रदेश से अलग हुए राज्य छत्तीसगढ़ की जहां की विधानसभा में कुल 90 सीटें हैं। एबीपी न्यूज़ और सीवोटर के सर्वे के मुताबिक इस बार कांग्रेस 54 सीटें लेकर सरकार बनाएगी और भाजपा 33 तक सिमट जाएगी। अन्य दल 3 सीटें जीत सकते हैं।

कांग्रेस को वोट प्रतिशत 40, भाजपा का वोट प्रतिशत 39, और अन्य का वोट प्रतिशत 21 प्रतिशत होने के आसार हैं।
 
पार्टी सीटें
कांग्रेस 54
भाजपा 33
अन्य 3
कुल 90
 
अब 200 विधानसभा सीटों राजस्थान की बात करें तो कांग्रेस यहां भाजपा से काफी आगे निकलती दिख रही है। सर्वे के अनुसार, कांग्रेस को 130, भाजपा को 57 और अन्य दलों को 13 सीटें मिलती दिख रही । वोट प्रतिशत कांग्रेस का 40, भाजपा 39 और अन्य का 10 प्रतिशत रह सकता है।
 
 
पार्टी सीटें
कांग्रेस 130
भाजपा 57
अन्य 13
कुल 200
 
 

बाकी ख़बरें