गुजरात में मनाया गांधी के हत्यारे गोडसे का जन्मदिन, 6 गिरफ्तार

Written by sabrang india | Published on: May 21, 2019
अहमदाबाद। भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह द्वारा महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे पर दिए गए बयान का विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि गुजरात के सूरत से एक विवाद सामने आया है। सूरत के लिंबायत इलाक़े में महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे का जन्मदिन मनाया गया जिसके बाद नाथूराम गोडसे को लेकर एक बार फिर नया विवाद शुरू हुआ है।

सूरत के लिंबायत इलाक़े में स्थित ये वही सूर्यमुखी हनुमान मंदिर है जहां 19 मई की रात को महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे का जन्मदिन सेलिब्रेशन किया गया था, मंदिर के प्रांगण में अखिल भारतीय हिंदू महासभा के इन लोगों ने नाथूराम गोडसे की तस्वीर सामने रखकर जन्मोत्सव मनाया और एक दूसरे का मुंह मीठा किया।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे का जन्मोत्सव मनाए जाने की ख़बर जब सोशिल मीडिया के माध्यम से फैली तो गुजरात सरकार हरकत में आ गई थी, गुजरात सरकार ने नाथूराम गोडसे का जन्मदिन मनाने वालों के सामने क़ानूनी कार्यवाही करने के लिए सूरत पुलिस को आदेश जारी किया।

सूरत के पुलिस कमिश्नर सतीश शर्मा ने नाथूराम गोडसे का जन्मदिन मनाने वालों के ख़िलाफ़ सूरत शहर के लिंबायत पुलिस थाने में मामला दर्ज कर 6 लोगों को गिरफ़्तार किया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी अखिल भारतीय हिंदू महासभा के कार्यकर्ता हैं।

चौंकाने वाली बात तो ये है कि ये उन्हीं गांधी का गुजरात हैं जहां गांधी का जन्म हुआ था और जहां से सत्याग्रह के जरीए गांधीजी ने देश को आजादी दिलाई थी, उसी गांधी के गुजरात में इस तरह गांधी के हत्यारे का जन्मदिन मनाए जाने को लेकर गांधीवादी लोग काफी नाराज हैं।

बाकी ख़बरें