चौथा सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित देश बना भारत, 24 घंटे में करीब 11 हजार नए मामले

Written by sabrang india | Published on: June 12, 2020
नई दिल्ली। कोरोना वायरस संक्रमण के मामले भारत में तेजी से अपने पैर पसार रहा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के मामलों ने नया रिकॉर्ड बनाया है। पहली बार एक दिन में 10 हजार से ज्यादा केस सामने आए हैं। ये अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। शुक्रवार सुबह को आए आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटे में कोरोना के 10956 नए केस सामने आए हैं और 396 लोगों की मौत हुई है। मौत का आंकड़ा भी अब तक का सबसे बड़ा है।



देश में लगातार आठवें दिन कोरोना के 9500 से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। आज पहली बार एक दिन में 11 हजार के करीब नए केस दर्ज किए गए हैं। भारत ने अब ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया और दुनिया का चौथा सबसे प्रभावित देश बन गया।

देश में अब कोरोना के मामलों की कुल संख्या 2,97,535 है, जिनमें 1,41,842 सक्रिय मामले, 1,47,195 ठीक/डिस्चार्ज/विस्थापित मामले और 8,498 मौतें शामिल हैं। 

सीएसएसई के मुताबिक दुनिया में अब भी सबसे अधिक 20,22,488 मामलों और 1,13,803 लोगों की मृत्यु के साथ अमेरिका नंबर वन पर बना हुआ है। ब्राजील 8,02,828 संक्रमणों की संख्या के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके बाद रूस 5,01,800 और अब भारत 2,97,535 केसों को साथ चौथे नंबर पर है। यूके (2,92,860), स्पेन (2,42,707), इटली (2,36,142), पेरू (2,14,788), फ्रांस (1,92,493), जर्मनी (1,86,691), ईरान (1,80,156), तुर्की (1,74,023), चिली (1,54,092), मैक्सिको (1,33,974), पाकिस्तान (1,25,933) और सऊदी अरब (1,16,021) हैं।

इससे पहले गुरुवार को 9,996 मामले सामने आए थे और 357 लोगों की मौत हुई थी। कोरोना के मामले अब काफी तेजी से बढ़ रहे हैं कल तक ये केस 3 लाख के पार पहुंच जाएंगें।

बता दें कि करीब 2 महीने से भी ज्यादा वक्त तक लॉकडाउन रखने के बाद 1 जून से देश में अनलॉक 1 चल रहा है, लेकिन छूट के साथ ही कोरोना के मामलों में बेतहाशा बढोतरी भी जारी है। हर मई के महीने से ही कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और जून में तो ये रफ्तार और तेज होती जा रही है।

बाकी ख़बरें