कोरोना प्रभावित देशों की सूची में रूस को पीछे छोड़ तीसरे नंबर पर पहुंचा भारत

Written by sabrang india | Published on: July 6, 2020
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले दिन पर दिन नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। अब यह आंकड़ा 6 लाख 97 हजार को भी पार कर गया। covid19india.org के मुताबिक, देश में कोरोना के अब तक 6,97,836 केस दर्ज हो चुके हैं जिनमें 4,24,891 लोग ठीक हो चुके हैं। हालांकि इनमें से 19,700 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी 2,53,162 एक्टिव केस हैं। इसी तरह राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,244 नए केस सामने आए जिससे यहां पर कुल केस 99,444 हो गए। वहीं, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 6,555 केस दर्ज किए गए हैं।



बता दें दुनिया भर में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर आ गया है। इस सूची में 29 लाख 82 हजार से ज्यादा संक्रमितों के साथ अमेरिका पहले, ब्राजील (16 लाख से ज्यादा) दूसरे और भारत (6 लाख 97 हजार) तीसरे स्थान पर है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में 24,248 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 425 लोगों की मौत भी हो गई। भारत में कोरोना वायरस के मामले रविवार को रूस से भी ज्यादा हो गए और वह तीसरे नंबर पर पहुंच गया। मंत्रालय के मुताबिक देश में अब कुल पॉजिटिव मामले बढ़कर 6,97,413 तक पहुंच चुके हैं। इनमें 2,53,287 सक्रिय मामले हैं। जबकि 4,24,433 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना वायरस की वजह से अब तक देश में 19,693 लोगों की मौत हो चुकी है।

राजधानी दिल्ली में भी कोरोना केस कम होने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले 24 घंटे में 2,244 मामले रिकॉर्ड हुए। इस तरह से दिल्ली में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 99,444 हो गए हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 63 मरीजों की मौत भी हुई। इस तरह से दिल्ली में कुल मौत का आंकड़ा 3,067 तक पहुंच गया। हालांकि इस दौरान 3,083 लोग ठीक भी हुए। फिलहाल दिल्ली में अब तक 71,339 लोग ठीक हो चुके हैं।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले एक बार फिर छह हजार से अधिक आए हैं। Covid19india.org के मुताबिक राज्य में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 6,555 नए मामले सामने आने के साथ कुल मरीजों की संख्या 2,06,619 पहुंच गई है। इसके साथ-साथ राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 151 और लोगों की मौत हुई है।

वहीं, मुंबई में कोरोना वायरस के 1,287 नए मरीज सामने आने से रविवार को कुल संख्या बढ़कर 84,524 हो गई। शहर में महामारी के कारण मरने वालों की संख्या 4,899 हो गई है। वहीं, कोरोना वायरस के 23,732 मरीजों का इलाज चल रहा है, वहीं अब तक 55,884 मरीज ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।

महाराष्ट्र के पुणे जिले में सर्वाधिक 1,186 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 28,142 पहुंच गई। कोरोना के कारण 31 और लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 872 हो गई।

तमिलनाडु में भी लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। राज्य में और 1,590 नए मामले सामने आए हैं और अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या बढ़कर 1,11,151 हो गई है। राज्य में अब तक इस महामारी से 1,510 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 998 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 18,697 पर पहुंच गया है। केरल में 225 नए मामलों के साथ मरीजों की संख्या 5,430 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु शुरुआत से ही अतिसंवेदनशील हैं। महाराष्ट्र में पहले दिन से ही कोरोना का ग्राफ बढ़ रहा है। जबकि दिल्ली और तमिलनाडु में उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। यही वजह है कि अप्रैल माह के पहले सप्ताह तक दिल्ली दूसरे स्थान पर थी। इसके बाद मई तक तमिलनाडु और उसके बाद फिर दिल्ली वापस आई थी। अब तमिलनाडु एक बार फिर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। 
 

बाकी ख़बरें