कैफी आजमी की 101वीं जयंती पर गूगल ने डूडल बनाकर याद किया

Written by Sabrangindia Staff | Published on: January 14, 2020
नई दिल्ली: सर्च इंजन गूगल ने मशहूर शायर कैफ़ी आज़मी की 101 वीं जयंती डूडल बनाकर मनाई। प्रेम की कविताओं से लेकर बॉलीवुड गीतों, पटकथाओं तक लिखने में माहिर कैफ़ी आज़मी 20वीं सदी के सबसे प्रसिद्ध कवियों में से एक थे। 



उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ में पैदा हुए सैयद अतहर हुसैन रिजवी यानी कैफ़ी आज़मी ने 11 साल की उम्र में अपनी पहली कविता लिखी थी। कैफ़ी आज़मी उस वक्त 1942 में हुए महात्मा गांधी के भारत छोड़ा आंदोलन से प्रेरित थे। 

बाद में कैफ़ी आज़मी एक उर्दू अखबार में लिखने के लिए मुंबई चले गए थे। कैफ़ी आज़मी का पहला कविता संग्रह 'झंकार' 1943 में प्रकाशित हुआ था। कैफ़ी आज़मी बाद में प्रगतिशील लेखक संघ के सदस्य बने जिन्होंने लेखन का उपयोग सामाजिक आर्थिक सुधार करने के लिए किया। 

अपने बेहतरीन लेखन के लिए कैफ़ी आज़मी को कई अवार्ड्स से नवाजा गया। जिनमें 3 फिल्मफेयर अवार्ड, साहित्य और शिक्षा के लिए प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार और साहित्य अकादमी फैलोशिप भी मिली।

वहीं, अपनी सबसे प्रसिद्ध कविताओं में से एक 'औरत' में कैफ़ी आज़मी ने महिलाओं की समानता की बात कही। इस कविता को लेकर समाज में उन्हें बहुत प्रसिद्धी मिली। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं और परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न शैक्षिक संस्थाओं का समर्थन करने के लिए एक एनजीओ की भी स्थापना की। बता दें, कैफ़ी आज़मी बॉलीवुड की बेहतरीन एक्ट्रेस शबाना आजमी के पिता हैं।

 

बाकी ख़बरें