कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतारने वाला गैंगस्टर विकास दुबे उज्जैन से गिरफ्तार

Written by sabrang india | Published on: July 9, 2020
भोपाल। उत्तर प्रदेश के कानपुर में आठ पुलिसवालों को मौत के घाट उतारने वाले गैंगस्टर विकास दुबे को करीब छह दिन बाद गुरुवार सुबह मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में गिरफ्तार कर लिया गया। समाचार एजेंसी पीटीआई ने इसकी जानकारी दी। गिरफ्तारी से पहले आखिरी बार हरियाणा के फरीदाबाद में देखे गए विकास दुबे पर पांच लाख रुपये का ईनाम रखा गया है।



समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, उज्जैन जिलाधिकारी आशीष सिंह ने कहा, ‘विकास दुबे उज्जैन महाकाल मंदिर जा रहा था और इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उसे पहचान लिया। पुलिस को इसकी सूचना दी गई और जोर दिए जाने पर उसने अपनी पहचान बता दी। पुलिस ने उसे पकड़ लिया है और पूछताछ जारी है।’



मध्य प्रदेश में दुबे की गिरफ्तारी पर मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ‘पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता है। विकास दुबे क्रूर हत्यारा है। पूरी मध्य प्रदेश पुलिस अलर्ट पर थी। उसे उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया। हमने उत्तर प्रदेश पुलिस को इसकी सूचना दे दी है।’

जब मिश्रा से सवाल किया गया कि क्या महाकाल मंदिर में गिरफ्तारी हुई, तो उन्होंने कहा, ‘मंदिर के बाहर-अंदर को बीच में न लाएं पर उज्जैन में गिरफ्तारी हुई है।’

पुजारी एवं कुछ लोगों ने उसका चेहरा पहचाना और उसके बाद पुलिस को सूचना दी या पुलिस ने सीधे उसे गिरफ्तार किया के सवाल पर मिश्रा ने कहा, ‘इंटेलीजेंस की बात भी बताएंगे। पहले हमें इसके मर्म तक आने दो। बाकी चीजें बाद में बताएंगे, पहले पता करने दो।’

उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से वह प्रारंभ से ही क्रूरता की हदें पार करता रहा है और उसने जो कृत्य किया वह बहुत निंदनीय था, बहुत चिंतनीय था। मध्य प्रदेश पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा, ‘मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उज्जैन में विकास दुबे की गिरफ्तारी पर बात की है। मध्य प्रदेश पुलिस उसे उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंपेगी।’

बाकी ख़बरें