मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का विवादित बयान, पंडित नेहरू को बताया 'अपराधी'

Written by Sabrangindia Staff | Published on: August 11, 2019
जम्मू-कश्मीर से हाल ही में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से सरकार और विपक्ष के बीच बयानों का दौर जारी है। इस बीच मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने इस पर विवादित बयान दे डाला है। अनुच्छेद 370 पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू 'क्रिमिनल' थे।



समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा, 'जब भारतीय सेना कश्मीर से पाकिस्तानी कबाइलियों का पीछा कर रही थी, तो उन्होंने (जवाहरलाल नेहरू) युद्ध विराम की घोषणा कर दी। कश्मीर के एक-तिहाई हिस्से पर पाक का कब्जा है। अगर कुछ और दिनों के लिए युद्धविराम नहीं होता, तो पूरा कश्मीर हमारा होता।'

शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'जवाहरलाल नेहरू का दूसरा अपराध 370 है।' उन्होंने कहा कि, 'एक देश में दो निशान, दो विधान, दो प्रधान, यह एक देश के साथ अन्याय नहीं बल्कि उसके खिलाफ अपराध है।'

बता दें कि इनसे पहले अपने बयान को लेकर निशाने पर आए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को सफाई देनी पड़ी। शुक्रवार को सीएम खट्टर ने विवादित बयान देते हुए कहा था कि अनुच्छेद 370 के हटने के बाद अब लड़कियों को शादी के लिए कश्मीर से लाया जा सकता है। अब हम भी शादी के लिए कश्मीरी लड़की ला सकते हैं।

हालांकि विवाद बढ़ने पर उन्होंने कहा, 'मैं कश्मीर की लड़कियों को अपनी बेटियां मानता हूं। मेरा आशय कोई गलत टिप्पणी करने का नहीं था। देश की हर बेटी हमारी बेटी है।'

बाकी ख़बरें