UP: मुज़फ़्फ़रनगर में दलित महिला का यौन उत्पीड़न, सात गिरफ़्तार

Written by Sabrangindia Staff | Published on: August 1, 2022
महिला घास काटने के लिए खेत में गई थी, जहां सात लोगों ने बंदूक के बल पर उसे कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया और घटना का वीडियो बना लिया 



उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव में 30 वर्षीय दलित महिला का सात लोगों ने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया और बंदूक का डर दिखाते हुए उसे कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया तथा घटना का वीडियो भी बनाया। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घटना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार शाम (30 जुलाई) को हुई। पुलिस ने बताया कि घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया।

पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, वह घास काटने के लिए एक खेत में गई थी, जहां सात लोगों ने उसका यौन उत्पीड़न किया और बंदूक के बल पर कपड़े उतारने के लिए मजबूर करने के बाद उसका वीडियो बनाया।

कोतवाली थाना के प्रभारी आनंद देव मिश्रा ने कहा कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354बी और 506, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार रोकथाम कानून की धारा 3 और सूचना प्रौद्योगिकी कानून की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है।

मिश्रा के मुताबिक, रविवार को मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान अनुज, कुलदीप, अंकित, रवि, रिजवान, छोटा और अब्दुल के रूप में की है।

Courtesy: The Wire

बाकी ख़बरें