मध्य प्रदेश में राहुल गांधी का बड़ा दांव- कांग्रेस जीती तो बैन होंगी RSS की शाखाएं

Written by Sabrangindia Staff | Published on: November 11, 2018
नई दिल्ली. मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. इस चुनावी घोषणापत्र के माध्यम से राहुल गांधी की कांग्रेस ने बीजेपी और संघ पर बड़ा गहरा घाव दिया है. कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि अगर वह सरकार बनाती है तो सरकारी कार्यालयों और परिसर में RSS की शाखा नहीं लगने दी जाएगी. साथ ही पार्टी अपने पिछले फैसले को भी वापस लेगी जिसमें सरकारी कर्मियों को आरएसएस की शाखा में जाने की इजाजत दी गई है. 



कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इससे पहले घोषणा कर चुके हैं कि राज्य में सरकार बनते ही 10 दिन के अंदर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा. अगर सीएम ने 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ नहीं किया तो 11वें दिन उसे हटाकर नया सीएम बनाया जाएगा. कांग्रेस के घोषणापत्र के बाद बीजेपी खेमे में खलबली मच गई है. बीजेपी ने कांग्रेस को हिंदू विरोधी पार्टी बताना शुरू कर दिया है. इस मामले में बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. बीजेपी प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस RSS के नाम पर सिर्फ अल्पसंख्यकों और अन्य लोगों के बीच संघ का दुष्प्रचार करती है. उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि राहुल वहां जाते हैं जहां देश विरोधी नारे लगते हैं.

बीते दिनों राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने दावा किया था कि पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ही जीतेगी. सचिन पायलट ने कहा था कि राजस्थान में कांग्रेस को भारी बहुमत मिलेगा. उन्होंने कहा कि राजस्थान या अन्य राज्यों में जनता प्रधानमंत्री के भाषण पर नहीं सरकार के काम पर वोट देगी. इसके अलावा उन्होंने कहा कि बीजेपी को राष्ट्रीय स्तर पर अगर कोई पार्टी टक्कर देने का दम रखती है तो वह सिर्फ कांग्रेस है, लेकिन जिस राज्य में जो पार्टी भाजपा को हरा सकती है उनके साथ मिलकर हम काम करेंगे. इसके अलावा कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के लिए जारी किए गए अपने मैनिफेस्टो में बहुचर्चित व्यापम घोटाले की परीक्षाओं में पिछले 10 सालों में शामिल हुए लाखों उम्मीदवारों का शुल्क वापस लौटाने का वादा किया है. इसी के साथ कांग्रेस का वादा है कि व्यापम को बंद कर दिया जाएगा.

बाकी ख़बरें