भाजपा नेता पर बलात्कार का आरोप

Written by Mahendra Narayan Singh Yadav | Published on: August 16, 2018
छत्तीसगढ़ में एक और भाजपा नेता पर एक आदिवासी लड़की के साथ बलात्कार करने का आरोप लगा है जिसके बाद से भाजपा नेता फरार हो गया है।

Rape

मामला जशपुर का है जहां भाजपा नेता और जनपद पंचायत अध्यक्ष मोतीलाल भगत के खिलाफ एक 19 साल की लड़की ने बलात्कार करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि भाजपा नेता मोतीलाल ने उसे अपने खर्चे पर पढ़ाई कराने का वादा किया था और वह उसे अपने साथ उसके गांव से कांसाबेल ले आया था।

पत्रिका की रिपोर्ट के अनुसार, कांसाबेल में भाजपा नेता ने उसे एक किराए के मकान में रखा और उससे बलात्कार करने लगा। विरोध करने पर मोतीलाल ने लड़की को शादी करने का झांसा भी दिया, और उसके परिवार वालों को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी। इसी तरह से डरा-धमकाकर मोतीलाल लड़की के साथ बलात्कार करता रहा।

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि भाजपा नेता 2016 से ही उसके साथ बलात्कार करता आ रहा है और तब वह 12वीं की छात्रा थी और नाबालिग थी।

बाद में जब लड़की ने मोतीलाल पर शादी करने का ज्यादा दबाव डाला तो वह उसे ओडीशा के कोणार्क मंदिर ले गया और वहां उससे शादी कर ली। भाजपा नेता की पत्नी को जब इसकी खबर लगी तो उसने हंगामा किया जिसके बाद वह लड़की को उसके गांव जाकर छोड़ आया।

तंग आकर लड़की ने भाजपा नेता मोतीलाल के खिलाफ कांसाबेल थाने में शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। मामला दर्ज होने की खबर मिलते ही मोतीलाल फरार हो गया है।

बाकी ख़बरें