भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर बोलीं- हम नाली, शौचालय साफ कराने के लिए सांसद नहीं बने हैं

Written by Sabrangindia Staff | Published on: July 21, 2019
मालेगांव बम धमाकों की आरोपी और भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह यह कहते हुए दिखाई दे रही हैं कि हम (सांसद) नाली और शौचालय साफ कराने के लिए नहीं बने हैं। 



समाचार एजेंसी एएनआई ने यह वीडियो साझा किया है। वीडियो में प्रज्ञा सिंह ठाकुर सिहोर में कार्यकर्ताओं से कह रही हैं, 'हम नाली साफ करवाने के लिए नहीं बने हैं। हम आपका शौचालय साफ करने के लिए बिल्कुल नहीं बनाए गए हैं। हम जिस काम के लिए बनाए गए हैं, वो काम हम ईमानदारी से करेंगे।'



मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिहोर के लोगों ने साध्वी से साफ-सफाई को लेकर शिकायत दर्ज की थी, जिसके जवाब में प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने यह बयान दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां एक तरफ स्वच्छता अभियान पर जोर दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रज्ञा सिंह ठाकुर का ये बयान उन्हें सवालों के घेरे में खड़ा करता है।

हालांकि यह पहला मामला नहीं जब प्रज्ञा सिंह ठाकुर विवादों में आई हों। इससे पहले भी कई विवादित बयान दे चुकी हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान नाथूराम गोडसे के हत्यारे को देशभक्त कहा था।

उन्होंने कहा था, ‘नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, देशभक्त हैं और देशभक्त रहेंगे। उनको आतंकवादी कहने वाले लोग स्वयं के गिरेबां में झांककर देखें, अबकी चुनाव में ऐसे लोगों को जवाब दे दिया जाएगा।’

इसी दौरान प्रज्ञा ठाकुर ने 2008 में मुंबई में आतंकी हमले में शहीद हुए महाराष्ट्र की आतंकवाद निरोधक शाखा (एटीएस) के प्रमुख हेमंत करकरे के बारे भी विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने हेमंत करकरे के बारे में कहा था की उनकी मौत हुई क्योंकि मैंने श्राप दिया था कि उसका सर्वनाश होगा।

बाकी ख़बरें