उत्तर प्रदेश: भाजपा विधायक ने अपनी ही सरकार को बताया सबसे भ्रष्ट, "सीएम को गुमराह कर रहे अधिकारी"

Written by sabrang india | Published on: March 24, 2025
"अयोध्या की सारी ज़मीन अधिकारियों ने लूट ली। फ़र्ज़ी एनकाउंटर में लोग मारे जा रहे हैं और मुख्यमंत्री को अधिकारी गुमराह कर रहे हैं।"



यूपी के लोनी से भाजपा के विधायक ने प्रदेश की अपनी ही सरकार पर निशाना साधा है। विधायक ने इसे ‘अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार’ बताया।

पीटीआई के हवाले से द वायर ने लिखा, विधायक नंद किशोर गुर्जर ने आरोप लगाया है कि सरकारी अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुमराह कर रहे हैं और सरकारी खजाने को लूट रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, गुर्जर फटे कुर्ते में गाजियाबाद कलेक्ट्रेट स्थित मीडिया सेंटर पहुंचे और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके कपड़े फाड़ दिए। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि मुख्य सचिव ने ‘महाराज जी’ (मुख्यमंत्री आदित्यनाथ) पर ‘काला जादू’ करके उनका दिमाग बांध लिया है।

गुर्जर ने आगे कहा कि, ‘मुख्य सचिव विश्व के सबसे भ्रष्ट अधिकारी हैं। अधिकारियों ने अयोध्या में जमीन लूटी है।’

उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला किया और आरोप लगाया कि यूपी में बड़े पैमाने पर गोहत्या हो रही है और फर्जी मुठभेड़ों में लोगों की हत्या की जा रही है।

ज्ञात हो कि यह टिप्पणी विधायक और उनके समर्थकों तथा सैकड़ों श्रद्धालुओं द्वारा लोनी में एक बड़ी ‘कलश यात्रा’ निकाले जाने के एक दिन बाद आई है। पुलिस ने इस कार्यक्रम को रोकने की कोशिश की क्योंकि यह बिना अनुमति के आयोजित किया जा रहा था।

रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा विधायक द्वारा आयोजित रामकथा से पहले यूपी के लोनी में कलश यात्रा निकाली जा रही थी। इस कलशयात्रा में महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल हुई थीं जिसमें तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजाने से रोका तो विधायक के समर्थक भड़क गए।

बताया गया कि कलशयात्रा की विधायक ने अनुमति नहीं ली थी। वहीं विधायक का कहना है कि उन्होंने लोनी एसडीएम से इसकी अनुमति ली थी। इसी को लेकर बहस हुई जिसके बाद विधायक के समर्थकों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस धक्का-मुक्की में विधायक नंद किशोर गुर्जर के कपड़े तक फट गए। पुलिस और विधायक के समर्थकों में धक्का-मुक्की के दौरान नंद किशोर गुर्जर धरने पर बैठ गए।

इस दौरान विधायक के समर्थकों ने जमकर हंगामा करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। काफी देर तक हंगामे और मामले के बढ़ने की सूचना पर एसपी मौके पर पहुंचे।

एसपी ने इस विवाद को सुलझाते हुए कलशयात्रा जाने दिया। नंद किशोर गुर्जर ने फटे कपड़ो में ही कलश यात्रा निकाली, लेकिन इस मामले के बाद विधायक पुलिस प्रशासन पर भड़क गए।

इस मामले को लेकर शुक्रवार 21 मार्च को अंकुर विहार के एसीपी अजय कुमार सिंह ने कहा कि विधायक और उनके समर्थक बिना अनुमति के यात्रा निकालने का प्रयास कर रहे थे।

हालांकि, पीटीआई के अनुसार, विधायक ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि लोनी के एसडीएम के पास अनुमति के लिए आवेदन दिया गया था।

मीडिया से बातचीत में गुर्जर ने कहा कि कलश यात्रा पारंपरिक है और इस साल से पहले आयोजकों ने कभी इसकी अनुमति नहीं ली थी। उन्होंने वीडियो संदेश में गुर्जर समाज से यातायात जाम न करने और हर जगह शांति बनाए रखने का आग्रह भी किया।

भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने आरोप लगाया कि गुरुवार को निकाली गई कलश यात्रा के दौरान उन पर जानलेवा हमले की साजिश रची गई थी। उन्होंने इस साजिश के पीछे उत्तर प्रदेश सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी का हाथ होने का आरोप लगाया।

विधायक ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, तब तक वे फटे कपड़ों में और नंगे पैर ही रहेंगे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें पहले से इस साजिश का अंदेशा था।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि, ‘लखनऊ में बैठे एक बड़े अधिकारी ने मेरी हत्या की योजना बनाई थी।’

विधायक ने कहा कि वह भ्रष्टाचार और गरीबों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों की आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि अब उन्हें राज्य सरकार या पुलिस पर कोई भरोसा नहीं है। उनका विश्वास केवल केंद्र सरकार और न्यायपालिका पर ही है। उन्होंने कहा कि वे इसी तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष से मिलेंगे और अपनी बात रखेंगे।

बाकी ख़बरें