कोरोना: बीते 24 घंटों में भारत में रिकॉर्ड 27,114 नए मामले आए सामने

Written by sabrang india | Published on: July 11, 2020
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के मामले भारत में हर रोज नए रिकॉर्ड बनाता जा रहा है। भारत में अब कुल संक्रमितों की संख्या आठ लाख से भी ज्यादा हो चुकी है। कोविड 19 इंडिया  के मुताबिक, देश में कोरोना के अब तक 8,22,603 केस दर्ज हो चुके हैं जिनमें 5,16,206 लोग ठीक हो चुके हैं। हालांकि इनमें से 22,144 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अभी 2,83,875 एक्टिव केस हैं। इसी तरह महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 7,862 केस दर्ज किए गए हैं, जिससे राज्य में कुल मामलों की संख्या 2,38,461 हो गई है। राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,089 नए केस सामने आए जिससे यहां पर कुल केस 1,30,261 हो गए।



स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक 8 लाख 20 हजार 916 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 22,123 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच लाख 15 हजार लोग ठीक भी हुए हैं। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 27 हजार 114 नए मामले सामने आए और 519 मौतें हुईं।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले एक बार फिर छह हजार से अधिक आए हैं। Covid19india.org के मुताबिक राज्य में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 7,862 नए मामले सामने आने के साथ कुल मरीजों की संख्या 2,38,461 पहुंच गई है। इसके साथ-साथ राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 226 और लोगों की मौत हुई है, जिससे राज्य में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 9,893 हो चुका है।

वहीं, मुंबई में कोरोना वायरस के 1,337 नए मरीज सामने आने से शुक्रवार को कुल संख्या बढ़कर 90,461 हो गई। शहर में महामारी के कारण मरने वालों की संख्या 5,205 हो गई है। वहीं, कोरोना वायरस के 23,035 मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक 61,934 मरीज ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।

महाराष्ट्र के पुणे जिले में 1,838 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 35,232 पहुंच गई। कोरोना के कारण 37 और लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या 1,026 हो गई।

तमिलनाडु में भी लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। राज्य में 3,680 नए मामले सामने आए हैं और अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या बढ़कर 1,30,261 हो गई है। राज्य में अब तक इस महामारी से 1,829 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 1,608 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 25,422 पर पहुंच गया है। केरल में 416 नए मामलों के साथ मरीजों की संख्या 6,951 हो गई है।

राजधानी दिल्ली में भी कोरोना केस कम होने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले 24 घंटे में 2,089 मामले रिकॉर्ड हुए। इस तरह से दिल्ली में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 1,09,140 हो गए हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 42 मरीजों की मौत भी हुई। इस तरह से दिल्ली में कुल मौत का आंकड़ा 3,300 तक पहुंच गया। हालांकि इस दौरान 2,468 लोग ठीक भी हुए। दिल्ली में अब तक कुल 84,694 लोग ठीक हो चुके हैं।

बाकी ख़बरें