दिल्ली: महिला से सामूहिक दुष्कर्म, बाल काटे और मुंह पर कालिख पोत गलियों में घुमाया

Written by Sabrangindia Staff | Published on: January 27, 2022
दिल्ली महिला आयोग ने कथित तौर पर बलात्कार की शिकार महिला के साथ मारपीट और परेड करते देखे गए पुरुषों और महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।


Image Courtesy:thenewztub.com
 
दिल्ली महिला आयोग (DCW) ने एक वीडियो में दिल्ली के शाहदरा जिले के कस्तूरबा नगर की सड़कों पर 20 वर्षीय एक लड़की के साथ मारपीट और उसे परेड करते हुए देखे गए पुरुषों और महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। बताया जा रहा है कि युवती कथित तौर पर अवैध शराब बेचने वालों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता है। हालाँकि, उस पर एक बार फिर सार्वजनिक रूप से एक व्यक्ति के परिवार द्वारा हमला किया गया था, जो कथित तौर पर "उसका पीछा कर रहा था" और बाद में आत्महत्या करके मर गया था।


 
वीडियो में, एक समूह को पीड़िता के आसपास शोर करते देखा जा सकता है क्योंकि उस पर एक महिला द्वारा हमला किया जाता है। मामला तब सामने आया जब महिला से मुलाकात करने वाली डीसीडब्ल्यू चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने कहा कि पीड़िता को चप्पल की माला पहनाकर घुमाया गया था, उसका सिर मुंडवा दिया गया था और चेहरे को काले रंग से रंग दिया गया था। डीसीडब्ल्यू ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर कहा कि लड़की को प्रताड़ित करने वाले सभी महिला पुरुषों को गिरफ्तार किया जाए और लड़की और उसके परिवार को सुरक्षा दी जाए। 
 


पुलिस ने मीडिया को बताया कि पूर्वी दिल्ली के शाहदरा में "व्यक्तिगत दुश्मनी" के कारण महिला पर हमला किया गया था, उन्होंने कहा कि वे पहले ही "चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुके हैं और जांच जारी है। पीड़िता को हर संभव मदद और काउंसलिंग की जा रही है।"

पुलिस से मिली ताजा जानकारी के अनुसार पीड़िता(20) शाहदरा के ही कस्तूरबा नगर इलाके की रहने वाली है। उसकी दोस्ती कुछ साल पहले 12-13 साल के एक लड़के से हो गई। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती आगे बढ़ी तो परिवारवालों को इसकी खबर हो गई। पीड़िता जब 16 वर्ष की थी तो उसके घरवालों ने उसकी शादी कहीं और करा दी। हालांकि इसके बाद भी दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा। अब पीड़िता को एक बच्चा भी है।

बीते वर्ष पीड़िता ने उक्त लड़के से कह दिया था कि अब वह उससे नहीं मिल सकती। इसके कुछ ही दिन बाद नवंबर माह में उस लड़के(16) ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। उसकी मौत के बाद से ही लड़के का परिवार पीड़िता को बेटे की मौत का जिम्मेदार मान रहा था। परिवार तब से ही पीड़िता को अलग-अलग तरह से परेशान कर रहा था।

तब महिला अपने पति के साथ जाकर कड़कड़डूमा गांव में गुप्त तरीके से रहने लगी। मंगलवार को पीड़िता की बहन अपने घर से बहन के घर के लिए निकली तो आरोपी परिवार की चार महिलाएं और एक पुरुष उसके पीछे लग गए। बहन जब पीड़िता के घर पहुंची तो उन पांचों लोगों ने उसे अगवा कर लिया और कस्तूरबा नगर ले आईं।

यहां उन्होंने दो नाबालिगों और एक वयस्क से पीड़िता का गैंगरेप कराया। यही नहीं आरोपी महिलाओं ने लड़कों को पीड़िता के साथ बुरी से बुरी तरह से दुष्कर्म के तरीके भी बताए। फिर इन महिलाओं ने पीड़िता की पिटाई भी की। फिर उसके बाल काट दिए, उसके मुंह पर कालिख पोत दी और गलियों में घुमाया।

इसके बारे में जब पीड़िता के पति को पता चला तो उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर चार महिलाओं गिरफ्तार किया है और दो अन्य को हिरासत में लिया है। वहीं पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने वाले तीनों आरोपी अभी फरार चल रहे हैं। 

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। स्वाति ने ट्वीट किया, कस्तूरबा नगर में 20 साल की लड़की का अवैध शराब बेचने वालों द्वारा गैंगरेप किया गया, उसे गंजा कर, चप्पल की माला पहना पूरे इलाके में मुंह काला करके घुमाया। मैं दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रही हूं। सब अपराधी आदमी औरतों को अरेस्ट किया जाए और लड़की और उसके परिवार को सुरक्षा दी जाए।

Related:

बाकी ख़बरें