पश्चिम बंगाल: SIR में पिता का नाम हटाए जाने के बाद मासूम बच्ची को जन्म प्रमाणपत्र देने से इनकार किया

Written by sabrang india | Published on: November 26, 2026
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में एक ढाई महीने की बच्ची को सिर्फ इसलिए जन्म प्रमाणपत्र जारी करने से इनकार कर दिया गया, क्योंकि SIR प्रक्रिया के दौरान उसके पिता का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया था। इस मामले में स्थानीय विधायक कार्यालय की ओर से आरोप लगाया गया कि बच्ची के पिता बांग्लादेशी नागरिक हैं और उन्हें पहले राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) में अपना पंजीकरण कराना होगा।


फोटो साभार : पीटीआई

पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में ढाई महीने की एक मासूम बच्ची को जन्म प्रमाणपत्र जारी करने से मना कर दिया गया। बताया जा रहा है कि राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बच्ची के पिता का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया था। इसी वजह से बच्ची का जन्म प्रमाणपत्र बनाने में अड़चन आ गई। हालांकि, बच्ची के पिता का कहना है कि वह जन्म से ही भारत में रह रहे हैं और उनके पास सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं। इसके बावजूद SIR प्रक्रिया के दौरान उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया।

द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, बच्ची के पिता अब्दुल हबीब को बताया गया कि SIR के बाद जारी मतदाता सूची में उनका नाम नहीं है।

दिनहाटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक कार्यालय की ओर से आरोप लगाया गया कि बच्ची के पिता बांग्लादेशी नागरिक हैं। साथ ही उन्हें जन्म प्रमाणपत्र जारी करने से पहले NRC में पंजीकरण कराने की बात कही गई।

अमीना खातून ने सितंबर की शुरुआत में दिनहाटा उपमंडलीय अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया था। इसके बाद जब वह अपने पति के साथ बेटी का जन्म प्रमाणपत्र लेने अस्पताल और पंचायत कार्यालय पहुंचीं, तो उनसे कहा गया कि पहले पंचायत प्रधान या स्थानीय विधायक से अपने निवास का सत्यापन करवाकर लाएं।

द वायर के अनुसार, विधायक के कार्यालय के साथ-साथ साहेबगंज के प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ने भी यह कहते हुए जन्म प्रमाणपत्र जारी करने से इनकार कर दिया कि हबीब भारतीय नागरिक नहीं हैं।

हबीब ने 'द हिंदू' को बताया कि विधायक कार्यालय के एक अधिकारी ने उनसे कहा कि वह बांग्लादेशी नागरिक हैं और उन्हें पहले NRC में अपना नाम दर्ज कराना होगा। हबीब ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा, "मैं ऐसा क्यों करूं? मेरा जन्म भारत में हुआ है और मैं यहीं रह रहा हूं। खाटामारी में मेरा घर मेरे दादा ने बनवाया था। मैंने अधिकारियों को अपने सभी दस्तावेज दिखाए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने जन्म प्रमाणपत्र जारी करने से इनकार कर दिया।"

रिपोर्ट के अनुसार, SIR प्रक्रिया के दौरान हबीब की तीन बहनों के नाम भी मतदाता सूची से हटा दिए गए, जबकि उनके पास सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। भारत निर्वाचन आयोग ने नाम हटाने के पीछे 'तार्किक विसंगति' को वजह बताया। आयोग का दावा था कि छह अन्य लोगों ने भी हबीब के पिता को अपना पिता बताया है। हालांकि, हैरानी की बात यह है कि मतदाता सूची में हबीब के माता-पिता, पत्नी और बड़ी बहन के नाम अब भी दर्ज हैं।

हबीब ने अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए न्यायाधिकरण में अपील की है। उनका आवेदन अभी फैसले के इंतजार में है।

इस बीच एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (APCR) ने बच्ची का जन्म प्रमाणपत्र रोकने के स्थानीय अधिकारियों के फैसले की कड़ी आलोचना की है। संगठन का कहना है कि जन्म का पंजीकरण हर बच्चे का कानूनी अधिकार है। संयुक्त राष्ट्र बाल अधिकार कन्वेंशन (UNCRC) के अनुच्छेद 7 के तहत भी प्रत्येक बच्चे को जन्म के साथ ही कानूनी पहचान पाने का अधिकार दिया गया है।

APCR ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि बच्ची को कानूनी पहचान देने का अधिकार उसके माता-पिता की मतदाता सूची में दर्ज स्थिति पर निर्भर नहीं होना चाहिए। संगठन ने कहा कि SIR से जुड़ा कोई भी प्रशासनिक विवाद नवजात बच्ची के मौलिक अधिकारों में बाधा नहीं बन सकता।

संगठन ने मांग की कि बच्ची का जन्म प्रमाणपत्र तत्काल जारी किया जाए।

गौरतलब है कि पिछले साल देशभर में शुरू की गई SIR प्रक्रिया के बाद अब तक करोड़ों लोग अपने मताधिकार से वंचित हो चुके हैं। पश्चिम बंगाल में इस प्रक्रिया के तहत 60.06 लाख मतदाताओं को जांच के दायरे में रखा गया, जबकि 27.16 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। इसके अलावा इस पूरी प्रक्रिया के दौरान कई प्रशासनिक गड़बड़ियां भी सामने आई हैं। तकनीकी खामियों और पारदर्शिता की कमी के चलते सत्यापन प्रक्रिया पर सवाल उठे हैं। इसके कारण कई लोगों को अपने मताधिकार से वंचित होना पड़ा है।

पश्चिम बंगाल में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को सरकारी योजनाओं का लाभ देने से इनकार करने का आधार बनाया गया है। यहां तक कि कुछ लोगों को हर महीने मिलने वाले राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित किए जाने की खबरें सामने आई हैं।

Related

पश्चिम बंगाल: एसआईआर ट्रिब्यूनलों में वेतन बकाया होने पर सफाई कर्मचारियों ने रोका काम, वाहन मालिकों का भुगतान भी अटका

महाराष्ट्र के भुसावल विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-7 के तहत दर्ज 14,567 आपत्तियों में से केवल 74 ही वैध पाई गईं

बाकी ख़बरें