"वे हमें भी नुकसान पहुंचा सकते हैं": पिता की हत्या के आरोपियों को जमानत की खबर पर CJP कार्यकर्ता का डर  

Written by sabrang india | Published on: November 26, 2026
CJP कार्यकर्ता शेख अब्दुल हफीज का कहना है कि उन्हें अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर डर है। उनके पिता की हत्या के आरोपियों को जमानत मिल गई है। यह हत्या उस हमले के दौरान हुई थी, जो बांकुरा में उनके स्कूल निरीक्षण अभियान के बाद हुआ था।


फोटो साभार : मकतूब 

'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के कार्यकर्ता शेख अब्दुल हफीज ने अपनी, अपनी मां और अपनी बहन की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनके पिता शेख मोहम्मद माफियाक की हत्या के आरोपियों को जमानत मिल गई है। पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में उनके घर पर हुए एक हमले के बाद उनके पिता की मौत हो गई थी।

सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में हफीज ने आरोप लगाया कि हमले के वीडियो सबूत होने के बावजूद आरोपियों को जमानत दे दी गई है। उन्होंने आरोपियों की रिहाई के बाद अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है।

15 अगस्त 2026 को माफियाक की मौत हो गई थी। इससे पहले बांकुरा के करिशुंडा गांव में कुछ लोगों ने उनके घर पर हमला किया था। यह हमला हफीज द्वारा एक स्थानीय प्राथमिक स्कूल के निरीक्षण के दो दिन बाद, यानी 13 अगस्त को हुआ था। यह निरीक्षण CJP के 'स्कूल ठीक करो' अभियान का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य स्थानीय सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति की ओर ध्यान खींचना था।

चूंकि यह हमला स्कूल के निरीक्षण के बाद हुआ, इसलिए परिवार और CJP समर्थकों का आरोप है कि यह हमला राजनीतिक कारणों से प्रेरित था और हफीज की सक्रियता से जुड़ा हुआ है।

पुलिस ने इस मामले में एक स्थानीय BJP नेता सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। BJP ने राजनीतिक संलिप्तता के आरोपों से इनकार किया है।

आरोपियों को जमानत मिलने की खबर से हफीज का डर फिर से बढ़ गया है। वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर डर है कि आरोपियों की रिहाई के क्या नतीजे हो सकते हैं।

'मक्तूब' से बात करते हुए हफीज ने कहा, "मुझे अभी तक कोर्ट के आदेश की कॉपी नहीं मिली है, लेकिन मुझे पता चल गया है कि मेरे पिता की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को जमानत मिल गई है।"

उन्होंने कहा, "मैंने यह वीडियो इसलिए बनाया ताकि यह रिकॉर्ड पर रहे और सबको पता चल सके कि हम खतरे में हैं। अगर वे मेरे पिता की हत्या कर सकते हैं, तो वे हमें भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "आज रात जैसे ही हमें कोर्ट से जमानत के दस्तावेज मिलेंगे, मैं उन्हें सार्वजनिक कर दूंगा।"

हफीज ने कहा, "अगर जरूरत पड़ी तो हम उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।" CJP की राष्ट्रीय सचिव आफरीन नवाज ने कहा, "हम आदेश की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। जैसे ही हमें इस बात की पुष्टि हो जाएगी कि ऐसा कोई आदेश है, हम एक सार्वजनिक बयान जारी करेंगे।"

नवाज ने 'मक्तूब' से कहा, "आगे क्या कदम उठाना है, यह पार्टी के फैसले के अनुसार तय किया जाएगा।"

अल्ट न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, बीते महीने न्यू टाउन (एमिटी यूनिवर्सिटी के पास) के एक होटल से शेख अब्दुल हफीज और CJP के चार अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया था। अब्दुल के पिता शेख मोहम्मद माफियाक की अगस्त 2026 में बांकुरा में कथित तौर पर BJP के लोगों ने हत्या कर दी थी। बाद में अब्दुल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें थप्पड़ मारे और जबरन एक लिखित हलफनामे पर हस्ताक्षर करवाए, जिसमें यह लिखा था कि उनके साथ कोई मारपीट नहीं हुई है। उन्होंने दावा किया कि इन कार्यकर्ताओं को 13 घंटे से अधिक समय तक हिरासत में रखा गया और रात करीब 9:30 बजे रिहा किया गया।

CJP की ईस्ट जोन कोऑर्डिनेटर प्रकृति साहू के अनुसार, पुलिस ने कई जिलों से कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, ताकि उन्हें दिल्ली जाने से रोका जा सके।

प्रकृति ने कहा, "अब्दुल और हमारे चार साथियों के अलावा पुलिस ने हावड़ा और मालदा में भी हमारे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। पुलिसकर्मी हमारे कार्यकर्ताओं के घरों पर गए और उन्हें तथा उनके परिवारों को धमकाया, जैसे कि दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर और हावड़ा में। पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर जिलों में भी यही सब हो रहा है। प्रशासन को डर है कि पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में युवा 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे हैं। इसलिए लोगों को इकट्ठा होने से रोकने के लिए वे ऐसी हरकतें कर रहे हैं।"

'होटल के कमरे से उठाया गया, कोई कारण नहीं बताया गया'

CJP के सूत्रों के अनुसार, अब्दुल और CJP के चार अन्य कार्यकर्ता, अमीना खान, सना रहमान, सानंदा घोष और हबीबुल इस्लाम, दिल्ली जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए कोलकाता आए थे। वे न्यू टाउन के एक होटल में ठहरे हुए थे, तभी सुबह करीब 8:30 बजे पुलिसकर्मियों की एक बड़ी टीम होटल में आई और उन्हें हिरासत में ले लिया।

CJP नेतृत्व ने आरोप लगाया था कि महिला कार्यकर्ताओं के साथ पुरुष पुलिसकर्मियों ने मारपीट की, उन्हें कमर से पकड़ा और उनके मोबाइल फोन जबरन छीन लिए। पुरुष कार्यकर्ताओं के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। प्रकृति ने बताया, "सुबह करीब 8:30 बजे हमें अमीना, सना और सानंदा के मैसेज मिले, जिसमें उन्होंने बताया कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। इसके बाद हम उनसे संपर्क नहीं कर पाए। आगे कुछ पता नहीं चल सका। हम घबराकर उन्हें खोजने लगे। हमारी लीगल टीम न्यू टाउन और राजारहाट, दोनों पुलिस स्टेशनों पर गई, लेकिन वे वहां नहीं मिलीं।"

CJP के अनुसार, पुलिसकर्मी जबरन उस कमरे में घुस गए, जहां ये महिलाएं रुकी हुई थीं, और उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान तीनों महिलाओं को मामूली चोटें आईं। संगठन का आरोप है कि पुलिस की यह कार्रवाई मनमानी थी, हिरासत में लेने का कोई कारण नहीं बताया गया और न ही कोई वारंट दिखाया गया।

Related

महाराष्ट्र के भुसावल विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-7 के तहत दर्ज 14,567 आपत्तियों में से केवल 74 ही वैध पाई गईं

पश्चिम बंगाल: एसआईआर ट्रिब्यूनलों में वेतन बकाया होने पर सफाई कर्मचारियों ने रोका काम, वाहन मालिकों का भुगतान भी अटका

बाकी ख़बरें