पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का एम्स में निधन, अंतिम संस्कार आज

Written by sabrang india | Published on: August 7, 2019
नई दिल्ली: पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार रात निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें रात 10 बजकर 15 मिनट पर अस्पताल लाया गया और उन्हें सीधे आपातकालीन वॉर्ड में ले जाया गया। स्वराज के एम्स में भर्ती होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन सहित अनेक वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचे थे। उनका पार्थिव शरीर एम्स से आज घर अंतिम दर्शन के लिए ले जाया जाएगा, आज ही अंतिम संस्कार होगा।

भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज का 2016 में गुर्दा प्रतिरोपित किया गया था और स्वास्थ्य कारणों से पिछले साल उन्होंने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की थी। दरअसल गुर्दा प्रत्यारोपण के कारण डॉक्टरों उन्हें धूल से बचने की सलाह थी। विदेश मंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल 26 मई 2014 से 30 मई 2019 तक था। इंदिरा गांधी के बाद विदेश मंत्री बनने वाली वह दूसरी महिला थी।

सुप्रीम कोर्ट की पूर्व वकील सुषमा स्वराज का जन्म 14 फरवरी 1953 को हरियाणा के अंबाला कैंट शहर में हुआ था। उनके पिता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्य थे। सुषमा स्वराज ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1970 के दशक में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से की थी।

साल 1977 में 25 साल की उम्र में वह हरियाणा की सबसे कम उम्र की कैबिनेट मंत्री बनी थीं। वह दिल्ली की पांचवीं मुख्यमंत्री (13 अक्टूबर 1998 to 3 दिसंबर 1998) थीं। दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने वाली वह पहली महिला थीं। 

बाकी ख़बरें