शिवराज का हाथ बलात्कारी के सिर पर!

Written by Mahendra Narayan Singh Yadav | Published on: August 13, 2018
जैसी की आशंका व्यक्त की जा रही थी, भोपाल के दिव्यांग गर्ल्स हॉस्टल का बलात्कार का आरोपी सत्तारूढ़ भाजपा का नजदीकी निकला।

एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद उसके सिर पर हाथ फेरकर उसे आशीर्वाद देते नजर आ रहे हैं।



(स्त्रोत- जनसत्ता)

जनतंत्र टीवी पर इस वीडियो का प्रसारण भी किया गया है जिसमें कुछ पुलिस वाले शिवराज सिंह चौहान के पैर छूते हैं, और फिर बलात्कार का आरोपी अश्विनी शर्मा भी मुख्यमंत्री के पैर छूता है और तब मुख्यमंत्री उसके सिर पर हाथ फेरकर उसे आशीर्वाद देते हैं।


कांग्रेस ने भी भोपाल में ये वीडियो जारी किया। कांग्रेस नेता शोभा ओझा ने आरोप लगाया है कि बलात्कार का आरोपी अश्विनी शर्मा भाजपा और आरएसएस का करीबी रहा है और उसके दिव्यांग बालिका छात्रावास को सरकार से अनुदान मिलता था।

उधर, बलात्कार के आरोपी अश्विनी शर्मा के खिलाफ अब तक चार लड़कियां सामने आ चुकी हैं। मूक बधिर होने के कारण इन लड़कियों के बयान संकेत भाषा विशेषज्ञ की मदद से लिए जा रहे हैं। लड़कियों ने बताया कि अश्विनी शर्मा ने डरा-धमकाकर और ब्लैकमेल करके इन लड़कियों के साथ दुष्कर्म और छेड़छाड़ की हरकत की थी।

सबसे पहले धार की एक मूक बधिर छात्रा ने छात्रावास के संचालक अश्विनी शर्मा पर रेप का आरोप लगाया था। उसके बाद धार की ही एक और छात्रा ने ऐसा ही आरोप लगाया। पुलिस अब छात्रावास की 17 अन्य युवतियों की भी तलाश कर रही है।

पुलिस की पूछताछ में कई चौंकाने वाली बातें उजागर हुई हैं। पत्रिका की खबर के अनुसार, आरोपी ने स्वीकार किया कि छात्रावास की युवतियों को जैसे ही नींद आती थी, वह चुपके से उन पर नशीले स्प्रे छिड़क देता था, और फिर अर्धबेहोशी की स्थिति में उन्हें मोबाइल में पोर्न वीडियो दिखाया करता था।

आरोपी अश्विनी शर्मा छात्रावास की युवतियों के मूल दस्तावेज भी छीन लेता था और इस बहाने पढ़ाई पूरी हो जाने के बाद भी वह युवतियों को अपने पास बुलाया करता था।

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा और आरएसएस के शीर्ष नेताओं से अपने संबंधों के चलते ही अश्विनी शर्मा निर्भीक होकर राजधानी में ऐसा पाप करता आ रहा था।
 

बाकी ख़बरें