आतंकी गतिविधि में गिरफ्तार वैभव राउत के समर्थन में गए थे कांग्रेस प्रत्याशी, अब टिकट कटने का खतरा

Written by sabrang india | Published on: March 22, 2019
मुंबई। महाराष्ट्र के रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी नवीनचंद्र बांदावडेकर पर लोकसभा चुनाव में टिकट कटने का खतरा मंडराने लगा है। इसकी वजह है उनका सितंबर 2018 में सनातन संस्था के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेना और उसका समर्थन करना। गुरुवार को इस कार्यक्रम की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जैसे ही वायरल हुई उनके चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर असमंजस की स्थिति बन गई। मंगलवार को ही कांग्रेस ने बांदीवडेकर को चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान किया था।

वायरल हो रही तस्वीर में देखा जा सकता है कि महाराष्ट्र में (2018) आतंकी साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार वैभव राउत के साथ बांदीवडेकर खड़े हैं और उसका समर्थन कर रहे हैं। तस्वीर के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता जितेंद्र अवहद ने इसे ट्वीट करते हुए कांग्रेस से उम्मीदवार बदलने के लिए कहा।

हालांकि, कांग्रेस ने बांदीवडेकर का बचाव किया है। पार्टी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, “उन्होंने ना तो सनातन संस्था के कार्यक्रम में हिस्सा लिया है और ना ही उनका उसके प्रति कोई सहानुभूति है। चूंकि भंडारी समाज के अध्यक्ष के रूप में पुलिस द्वारा कथित तौर पर पूर्व निर्धारित कार्रवाई के संबंध में अफवाहों को देखते हुए समुदाय से दबाव था, इसलिए वह पूछताछ करने के लिए गए थे।” बयान में आगे कहा गया है, “उन्होंने कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यह अफवाहों को लेकर शुरुआती प्रतिक्रिया थी और यह प्रतिक्रिया उनकी नहीं बल्कि समुदाय की थी। इसके अलावा, यह केवल उचित कार्रवाई की मांग से संबंधित था। वास्तविकता को समझने के बाद, यह मुद्दा खत्म हो गया।”

सनातन संस्था हमेशा विवादों में रही है। बांदिवडेकर को टिकट मिलने के बाद हो रहे विरोध से कांग्रेस चौतरफा घिर गई है। एनसीपी के विरोध के बाद अब कांग्रेस जांच की बात कह रही है।

कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण ने ट्वीट कर लिखा, 'कुछ चैनलों ने बताया कि रत्नागिरि सिंधुदुर्ग लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार नवीनचंद्र बांदिवडेकर सनातन संस्था से जुड़े हैं। कांग्रेस सनातन जैसे कट्टरपंथियों के खिलाफ है। इस मामले में जांच करके उम्मीदवार के बारे में सही निर्णय लेंगे।'

विवादों में सनातन संस्था
सनातन संस्था पर कई बुद्धिजीवियों के कत्ल का आरोप है।
सनातन संस्था को नरेंद्र दाभोलकर की हत्या में आरोपी बनाया गया है।
मामले में कई समर्थक गिरफ्तार किया गया।
ठाणे के गडकरी रंगायतन में हुए विस्फोट में भी सनातन संगठन के समर्थक गिरफ्तार किए गए।
नालासोपारा बम विस्फोट मामले के आरोपी वैभव राउत के समर्थन में निकाले गए जुलूस में नवीनचंद्र बांदिवडेकर खुद शामिल थे। बांदिवडेकर ने खुद भाषण देने के दौरान वैभव राउत की तारीफ की थी। 

बाकी ख़बरें