RLD चीफ व पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह का कोरोना से निधन, गुरुग्राम के अस्पताल में चल रहा था इलाज

Written by Sabrangindia Staff | Published on: May 6, 2021
नई दिल्ली। राष्ट्रीय लोक दल के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। उनके बेटे जयंत चौधरी ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि अजित सिंह कोरोना संक्रमित थे। फेफड़ों में संक्रमण बढ़ने के बाद उनकी हालत नाजुक हो गई थी।



जयंत चौधरी ने अपने पिता के निधन की जानकारी ट्विटर पर दी है। उन्होंने कहा है कि अजित सिंह 20 अप्रैल को कोरोना से संक्रमित हुए थे और 6 मई की सुबह वह नहीं रहे।

अजित सिंह पूर्व प्रधानमंत्री और किसान नेता चौधरी चरण सिंह के बेटे थे। अजित सिंह बागपत से 7 बाद सांसद रहे और वह केंद्रीय मंत्री भी रहे थे। 2001 से 2003 तक अटल बिहारी सरकार में वह कृषि मंत्री और 2011 में यूपीए सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्री रहे थे। 
 
उनके निधन पर प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस नेता राहुल गाँधी सहित कई नेताओं ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि चौधरी अजित सिंह हमेशा किसानों के प्रति समर्पित रहे।

बता दें कि देश में कोरोना वायरस ने कोहराम मचा रहा है। कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर देश में 4 लाख से ज्यादा संक्रमण के मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आकंड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4,12,262 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,10,77,410 हो गई है। इस समय देश में कुल 35,66,398 सक्रिय केस हैं।

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 3,980 लोगों ने दम तोड़ दिया है। देश में कोरोना की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 23,01,68 हो गई है। अब तक 1,72,80,844 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। देश में अब तक 16,25,13,339 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

बाकी ख़बरें