PM मोदी के साथ दावोस में फोटो खिंचवाने के बाद लंदन में नजर आया PNB घोटाले का आरोपी नीरव मोदी

Written by sabrang india | Published on: March 9, 2019
नई दिल्ली। 13 हजार करोड़ रुपये के पीएनबी बैंक घोटाले का आरोपी नीरव मोदी लंदन में खुलेआम घूम रहा है। उसे लंदन वेस्ट एंड में देखा गया है। नीरव मोदी पिछले साल पीएनबी बैंक से करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगने के बाद देश से भाग गया था। नीरव मोदी एक हीरा व्यापारी है जिसके डिजाइन बॉलीवुड और हॉलीवुड स्टार्स समेत दुनियाभर के कई करोड़पतियों ने पहने हैं। वो पिछले साल से भारत से फरार है।

टेलीग्राफ के पत्रकार ने नीरव मोदी से कई सवाल दागे लेकिन वो नो कमेंट कहकर उन्हें नकारता रहा। टेलिग्राफ द्वारा दावा किया गया है कि नीरव मोदी लंदन में एक फ्लैट लेकर रह रहा है। नीरव मोदी ने लंदन में तीन बेडरूम का फ्लैट लिया है जो सेंटर प्वांट टावर में आधे फ्लोर के क्षेत्र में है।

इस फ्लैट की कीमत 80 लाख पाउंड यानि लगभग 72 करोड़ रुपये बताई जा रही है। ये फ्लैट किराए पर है। नीरव मोदी को इसका 17 हजार पाउंड यानि लगभग 15.5 लाख रुपये किराया चुकाना पड़ता है। नीरव मोदी ने अपना हुलिया भी बदल लिया है। उसने मूंछ रख ली हैं। अपनी पुरानी सभी फोटो में नीरव मोदी क्लीन शेव दिखा है। नीरव मोदी को अंतिम बार दावोस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फोटो खिंचवाते देखा गया था। इसके बाद ही नीरव मोदी के फरार होने की खबर आयी थी। 

लंदन में नीरव को नेशनल इंश्योरेंस नंबर दिया गया है। इसके तहत नीरव मोदी लंदन में व्यापार कर पा रहा है और बैंक में अकाउंट भी खोल लिया है। हालांकि भारत में उसके सारे बैंक खाते सील हैं। नीरव मोदी के खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस भी जारी किया गया है। ये नोटिस भारतीय अधिकारियों के अनुरोध के बाद जुलाई में जारी किया गया था। नीरव मोदी उससे पहले से भारत से फरार है।

बाकी ख़बरें