प्रख्यात गायक पद्मविभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्र की बेटी का निधन, परिजनों का अस्पताल में हंगामा

Written by Sabrangindia Staff | Published on: May 3, 2021
वाराणसी। प्रख्यात गायक पद्मविभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्र को परिवार के दो सदस्यों की मृत्यु ने झकझोर कर रख दिया है। 26 अप्रैल को पत्नी मनोरमा मिश्रा के निधन के सदमे से वह संभल भी नहीं पाए थे कि 29 अप्रैल को उनकी बड़ी बेटी 48 वर्षीय संगीता मिश्रा का निधन हो गया।



चार दिन में दो स्वजनों को खोने के बाद 85 वर्षीय पं. छन्नूलाल मिश्र बेसुध हो गए हैं। अर्द्धतंद्रा की स्थिति में वह बार बार पत्नी और बेटी का नाम पुकार रहे हैं। परिवार के लोग उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए हैं। 

पं. छन्नूलाल मिश्र के पुत्र तबला वादक पं. रामकुमार मिश्र दिल्ली में रहते हैं। उनकी अनुपस्थिति में संगीता मिश्रा परिवार की सारी जिम्मेदारियां संभालती थीं। मां के निधन की सूचना के बाद वह आनन-फानन में बनारस पहुंचे। 



पं. मिश्र की छोटी बेटी नम्रता मिश्रा ने बताया कि संगीता मिश्रा को उल्टी और खांसी की शिकायत थी। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मैदागिन स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां 29 अप्रैल की रात करीब ढ़ाई बजे उनका निधन हो गया। 30 अप्रैल को उनका अंतिम संस्कार हरिश्चंद्र घाट पर किया गया। 

डॉ. नम्रता मिश्रा ने बताया कि दीदी संगीता मिश्रा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हम लोग उनको लेकर मेडविन अस्पताल में दिखाने गए थे। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद बताया कि उनको भर्ती करना पड़ेगा। भर्ती करने के लिए अस्पताल ने डेढ़ लाख रुपये भी जमा कराए। भर्ती करने के दो दिन बाद हम लोगों ने अस्पताल प्रबंधन से दीदी से मुलाकात या फोन पर वीडियो कॉल या फिर सीसीटीवी में देखने के लिए कहा तो अस्पताल प्रबंधन ने मना कर दिया। 

उसके बाद हम लोग प्रधानमंत्री कार्यालय को सूचित किया। उसके बाद उसी दिन शाम को डीएम कौशलराज शर्मा ने मामले में हस्तक्षेप किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से बात किया तब डॉक्टरों ने दीदी से एक बार वीडियो कॉल पर बात कराया। उसके तीन दिन बाद भोर में 2:55 बजे अस्पताल से फोन आया कि सॉरी हम लोग संगीता मिश्रा को नहीं बचा पाए। इस सम्बंध में हम अस्पताल प्रबंधन से भर्ती वाले दिन से लेकर मृत्यु के समय तक का सीसीटीवी फुटेज मांगे हैं। यदि वह दे देते हैं और इलाज से हम सन्तुष्ट नहीं होंगे तब हम अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे।

बाकी ख़बरें