BHU में पढ़ाएंगी नीता अंबानी! विश्वविद्यालय ने भेजा प्रस्ताव

Written by Sabrangindia Staff | Published on: March 15, 2021
देश के मशहूर उद्योगपति और रिलायंस इंड्रस्टीज के चेयरमैन अनिल अंबानी की पत्नी नीता अंबानी नए अवतार में नजर आएंगी। नीता अंबानी को बनारस हिंदु विश्वविद्यालय ने विजिटिंग प्रफेसर बनाने का प्रस्ताव भेजा है। सामाजिक विज्ञान संकाय में स्थापित महिला अध्ययन और विकास केंद्र की ओर से उन्हें ये प्रस्ताव दिया गया है।



रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्ष नीता अम्बानी अगर विश्वविद्यालय के इस केंद्र के प्रस्ताव पर अपनी सहमति देती हैं तो जल्द ही वे बीएचयू में महिलाओं को महिला अध्ययन का पाठ पढ़ाती नजर आएंगी। 12 मार्च को केंद्र में संकाय प्रमुख की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद ये प्रस्ताव दिया गया है।

फ्री प्रेस जर्नल के मुताबिक, सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन प्रफेसर कौशल किशोर मिश्रा ने बताया कि रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्ष नीता अंबानी से केंद्र की ओर से संपर्क किया गया है। उनकी मौखिक सहमति के बाद ये प्रस्ताव उन्हें भेजा गया है। उन्होंने कहा कि नीता अंबानी के व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में उनके अनुभव को देखते हुए छात्राओं को पढ़ाने के लिए वे सबसे उपयुक्त थीं। उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार की नई नीति के अनुसार, हमारा उद्देश्य पढ़ाई को उद्यमिता कौशल से जोड़ना है। नीता अंबानी इसमें फिट बैठती हैं।”

महिला केंद्र की समन्वयक प्रो. निधि शर्मा ने कहा, "नई शिक्षा नीति के अनुसार, छात्रों को रोजगार से जोड़ना भी शैक्षिक संस्थान का एक उद्देश्य है, जो नीता अंबानी के व्यावसायिक अनुभवों के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है।" मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सामाजिक विज्ञान विभाग के डीन प्रो. कौशल मिश्रा ने कहा कि नीता अंबानी को प्रोफेसर के रूप में विभाग में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था ताकि बीएचयू के शोधकर्ता उनके काम और अनुभव का लाभ उठा सकें।


यह बताया गया है कि बीएचयू पूर्वांचल क्षेत्र की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एक "रोडमैप" तैयार कर रहा है और खुद को रिलायंस फाउंडेशन के साथ जोड़कर इसे आगे ले जाने की उम्मीद करता है।

नीता अंबानी ने मुंबई विश्वविद्यालय से बी.कॉम की डिग्री हासिल की है। वे चाइल्डहुड एजुकेशन में डिप्लोमा रखती हैं; और 2014 में रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक बनाई गईं। उन्होंने रिलायंस फाउंडेशन 2010 में शुरुआत की। फाउंडेशन की वेबसाइट पर उनके बायोडाटा में कहा गया है कि वह "रिलायंस इंडस्ट्रीज और ईस्ट इंडिया होटल्स के बोर्ड की सदस्य हैं, और इंडियन प्रीमियर लीग में क्रिकेट टीम, मुंबई इंडियंस का नेतृत्व करती हैं। वह भारत के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय स्कूलों में से एक धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल की संस्थापक और अध्यक्ष भी हैं। 2015 में, नीता अंबानी ने फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड नामक एक संगठन की स्थापना की, जो भारत में खेल को जमीनी स्तर पर विकसित करने पर केंद्रित है।”

बाकी ख़बरें