'अच्छे दिन' का भोंपू बजाने वाली BJP सरकार ने पंक्चर कर दी अर्थव्यवस्था की हालत- प्रियंका गांधी

Written by Sabrangindia Staff | Published on: August 31, 2019
मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में देश की आर्थिक विकास दर पांच प्रतिशत पर पहुंच गई है। इसको लेकर कांग्रेस की महासचिव और नेता प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा। प्रियंका ने ट्वीट कर कहा कि जीडीपी विकास दर से साफ है कि अच्छे दिन का भोंपू बजाने वाली भाजपा सरकार ने अर्थव्यवस्था की हालत पंक्चर कर दी है। 



प्रियंका ने आगे लिखा कि न जीडीपी ग्रोथ है, न रुपए की मजबूती और रोजगार गायब हैं। प्रियंका ने पूछा  कि अब तो साफ करो कि अर्थव्यवस्था को नष्ट कर देने की ये किसकी करतूत है? दरअसल, उनका निशाना भाजपा के उस दावे की तरफ था जिसमें सत्तारूढ़ पार्टी मौजूदा संकट के लिए कांग्रेस की पिछली सरकार को जिम्मेदार ठहराती रही है। 


आपको बता दें कि शुक्रवार को केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने आंकड़े जारी किए जिसके मुताबिक आर्थिक विकास दर घटकर महज पांच फीसदी रह गई है, जो साढ़े छह वर्षों का निचला स्तर है। वहीं, पिछले वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही में आर्थिक विकास की दर 5.8 फीसदी रही थी। चिंताजनक बात यह है कि आर्थिक विकास दर में गिरावट के बाद भारत से दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था का तमगा छिन गया है। 

बाकी ख़बरें