प्रियंका गांधी ने अस्पताल पहुंचकर जाना चंद्रशेखर का हाल, राजनीतिक अटकले हुईं तेज

Written by Sabrangindia Staff | Published on: March 14, 2019
उत्तर प्रदेश के मेरठ में आनंद हास्पिटल में भर्ती भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर से मिलने बुधवार शाम कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पहुंचीं। उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर और पश्चिमी यूपी के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं।



शाम करीब पांच बजे प्रियंका गांधी आनंद अस्पताल पहुंचीं और चंद्रशेखर से मिलकर उनका हालचाल जाना। अस्पताल में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। प्रियंका ने कहा कि चंद्रशेखर का जोश पसंद आया, इसलिए मिलने आई। इनके संघर्ष को जानती हूं। इस मुलाकात को राजनीतिक चश्मे से न देखिए।

प्रियंका गांधी के मेरठ के आनंद अस्पताल पहुंचने की खबर सुनते ही स्थानीय कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ताओं अस्पताल पहुंचने लगे।

मंगलवार को चंद्रशेखर की तबीयत उस समय खराब हो गई जब वह सहारनपुर से दिल्ली के लिए बहुजन सुरक्षा अधिकार यात्रा निकाल रहे थे। यात्रा देवबंद पहुंची तभी पुलिस ने उन्हें रोक दिया और चंद्रशेखर को हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई से नाराज उनके समर्थकों ने हाईवे पर हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साई भीड़ की अधिकारियों से जमकर नोकझोंक हुई। हंगामे के बीच अचानक चंद्रशेखर की तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें मेरठ लाया गया और आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

 

बाकी ख़बरें