Video: भाजपा विधायक की बेटी ने दलित युवक से की शादी, कहा- पिता से जान का खतरा

Written by Sabrangindia Staff | Published on: July 10, 2019
उत्तर प्रदेश के बरेली में भाजपा विधायक की बेटी ने पुलिस से अपनी जान बचाने की गुहार लगाई है। भाजपा विधायक की बेटी ने अपने ही पिता से जान को खतरा बताया है। इसका एक विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 



दरअसल भाजपा विधायक राजेश मिश्रा की बेटी ने दलित युवक से शादी के बाद अपनी जान को खतरा बताया है। इसको लेकर बेटी और उनके पति अजितेश ने एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में दोनों ने भाजपा विधायक से जान को खतरा बताकर पुलिस से सुरक्षा मांगी है। 



हालांकि, इस प्रकरण में पुलिस की ओर से किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजेश मिश्रा बिथरी विधानसभा से विधायक हैं।

विधायक राजेश की बेटी ने बीते चार जुलाई को प्रयागराज में एक मंदिर में अजितेश कुमार के साथ शादी की। शादी के बाद से ही विधायक की बेटी व अजितेश घर से गायब हैं। अजितेश फरीदपुर विधायक का रिश्तेदार बताया जा रहा है। 


विधायक की बेटी ने वीडियो वायरल कर कहा कि, दोनों ने घर से भागकर अपनी मर्जी से शादी की। लेकिन विधायक के दोस्त (राजीव) पीछे पड़े हुए हैं। अजितेश ने यह भी जिक्र किया कि वे जिस होटल में ठहरे हुए थे, वहां भी मारने के लिए लोग पहुंच गए। विधायक की बेटी ने बरेली के कप्तान से मदद मांगी है। दोनों का कहना है कि यदि विधायक के हाथ लग गए तो दोनों को मार दिया जाएगा। 

बाकी ख़बरें