BJP विधायक के बिगड़े बोल, कहा- मायावती ने अखिलेश से हाथ मिलाकर किया नारी मर्यादा का हनन

Written by Sabrangindia Staff | Published on: February 1, 2019
उत्तर प्रदेश के बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह एक और विवादित बयान देकर सुर्खियों में आ गए हैं। उन्होंने सपा और बसपा के गठबंधन को लेकर मायावती को लेकर कहा कि बसपा सुप्रीमो ने एसपी से गठबंधन करके नारी मर्यादा का हनन किया है। बता दें कि सपा-बसपा ने गठबंधन के तहत राज्य की 38-38 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।  गौरतलब है कि हाल ही में सुरेंद्र सिंह पर राहुल गांधी को रावण और प्रियंका गांधी को शूर्पणखा बताने का आरोप लगा था।



अपने आवास पर संवाददाताओं से बात करते हुए बीजेपी विधायक ने कहा कि मायावती ने लाभ के लिए वह काम किया है, जो मानवीय जीवन जीने वाला कोई व्यक्ति नहीं कर सकता। उन्होंने कहा जिन लोगों ने उनकी इज्जत की धज्जियां उड़ाईं, उन्हीं के साथ गले मिलकर मायावती ने नारी मर्यादा का हनन और हत्या की है। वो यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि मायावती को केवल पद और लाभ ही प्रभावित करता है, चाहे कोई अपशब्द बोले या कुछ भी कर दे।

बता दें कि यह पहला मौका नहीं है कि जब सुरेंद्र सिंह ने विवादित बयान दिया हो। इससे पहले भी वह कई बार ऐसे बयान देकर मीडिया की सुर्खियों में रहे हैं। हाल ही में विधायक सुरेंद्र सिंह ने राम-रावण युद्ध का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को रावण और उनकी बहन प्रियंका गांधी को शूर्पणखा बताया था। उन्होंने कहा था, जब राम और रावण का युद्ध होने वाला था तो रावण ने अपनी बहन शूर्पणखा को भेजा था, लगता है 2019 के चुनाव में राहुल रावण के रोल में होगा और मोदी राम के रूप में। राहुल रूपी रावण ने अपनी बहन शूर्पणखा को उतारा है। मान के चलिएगा कि लंका विजय हो गया है। जिसके बाद उनपर विपक्षी पार्टियों ने जमकर हमला बोला था।

बाकी ख़बरें