शाहीन बाग में गोली चलाने वाले कपिल गुर्जर को पार्टी में लेने पर घिरी BJP ने रद्द की सदस्यता

Written by Sabrangindia Staff | Published on: December 31, 2020
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार को शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) विरोधी प्रदर्शन के दौरान खुलेआम गोली चलाने वाले कपिल गुर्जर को पार्टी में शामिल कर लिया। लेकिन कुछ घंटों बाद ही कपिल की सदस्यता पर यू-टर्न लेते हुए BJP ने उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया।



कपिल बुधवार को भाजपा में शामिल हुआ था। कपिल गुर्जर को भाजपा में शामिल किए जाने पर विपक्षी दलों की ने पार्टी को घेरना शुरू कर दिया था। इसके बाद भाजपा ने कुछ ही घंटों में कपिल गुर्जर की सदस्यता रद्द कर दी। 

भाजपा के गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा है कि कपिल गुर्जर की सदस्यता रद्द कर दी गई है। हमें अंधेरे में रखकर उन्होंने BJP की सदस्यता ग्रहण की थी और खुद को खोड़ा का निवासी बताया था। जैसे ही हमें पता चला कि यह आरोपी है इनकी सदस्यता रद्द कर दी गई है।

संजीव शर्मा ने एक बयान जारी कर कहा कि कि आज गाजियाबाद महानगर कार्यालय पर बसपा से आए कुछ युवकों को भारतीय जनता पार्टी में शामिल कराया गया था, जिनमें कुछ व्यक्तिों के साथ कपिल गुर्जर भी शामिल था। उसके विवादित शाहीन बाग मामले की कोई जानकारी हमें नहीं थी। घटना की पूर्ण जानकारी होने के बाद प्रदेश नेतृत्व के द्वारा पार्टी में इनका शामिल किया जाना तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है।

भाजपा में शामिल होने के बाद कपिल गुर्जर ने कहा था कि हम बीजेपी के साथ हैं, बीजेपी हिंदुत्व को मजबूत कर रही है, हिंदुत्व को आगे ले जाना चाहती है। मैं हिंदुत्व के लिए काम करना चाहता हूं, इसलिए मैं भाजपा में शामिल हुआ हूं। इससे पहले मेरा किसी भी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं था। मैं RSS के साथ भी जुड़ा हूं।

जानकारी के अनुसार, फायरिंग का आरोपी कपिल दिल्ली-नोएडा की सीमा के पास स्थित दल्लूपुरा गांव का रहने वाला है। कपिल को दिल्ली की एक अदालत ने 7 मार्च को जमानत पर रिहा कर दिया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने जमानत याचिका का विरोध किया था, लेकिन कोर्ट ने कपिल को जमानत मंजूर करते हुए उसे रिहा कर दिया। बता दें कि इसी साल एक फरवरी को कपिल ने शाहीन बाग में हवाई फायरिंग की थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। प्रदर्शन के दौरान गोली चलने से हड़कंप मच गया था। शाहीन बाग में गोली चलने की इस घटना का वीडियो भी सामने आया था।

बाकी ख़बरें