बंगाल में मवेशी चोरी के शक में दो मुस्लिम युवकों की पीट-पीटकर हत्या, तीन अन्य घायल

Written by sabrang india | Published on: October 5, 2026
बागडोगरा के पास मवेशी चोरी के आरोप में भीड़ ने दो मुस्लिम युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर दी, और तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं।


प्रतीकात्मक तस्वीर

पश्चिम बंगाल में मुसलमानों को निशाना बनाकर की गई मॉब लिंचिंग (भीड़ द्वारा हिंसा) की एक और घटना सामने आई है। शनिवार तड़के दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा के पास मवेशी चोरी के आरोप में भीड़ के हमले से दो मुस्लिम पुरुषों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

मकतूब की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा निवासी शाहिद अख्तर और हरियाणा निवासी सज्जाद मोहम्मद के तौर पर हुई है।

पीड़ितों में से एक की मौत हमले की जगह पर ही हो गई, जबकि दूसरे की मौत अस्पताल ले जाते समय चोटों के कारण हो गई।

भीड़ के हमले में हरियाणा के ही रहने वाले तीन अन्य मुस्लिम युवक अमीर सत्तार, अकरम खान और आरिफ खान घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए नॉर्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया।

यह हमला बागडोगरा के पास तड़के करीब 2:30 बजे हुआ। भीड़ ने इन पांचों लोगों पर मवेशी चोरी का आरोप लगाया, फिर उन पर हमला किया और उनकी पिकअप वैन में आग लगा दी।

घटना के बाद अधिकारियों ने मामला दर्ज किया और दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

4 अक्टूबर 2026 तक, अधिकारियों ने इन हत्याओं के सिलसिले में किसी की गिरफ्तारी के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी थी और न ही यह बताया था कि भीड़ के हमले में कितने लोग शामिल थे।

ज्ञात हो कि बीते महीने लखनऊ के इटौंजा इलाके में 40 साल के एक मुस्लिम बिरयानी स्टॉल मालिक पर तीन युवकों ने हमला किया था। उन्होंने उस पर बीफ ले जाने का आरोप लगाया था। वहीं, प्रयागराज के फूलपुर में VHP-बजरंग दल के सदस्यों ने स्थानीय मुस्लिम मीट विक्रेताओं पर बीफ बेचने का आरोप लगाते हुए हिंसक हंगामा किया था।

Related

कर्नाटक में हटाए गए ज्यादातर वोटर आदिवासी, अल्पसंख्यक, दलित और महिलाएं: SIR ऑडिट

कर्नाटक: भटकल में गणेश जुलूस के दौरान मस्जिद और अरबी मदरसे पर पत्थर फेंके गए

बाकी ख़बरें