दलित महिलाओं व सांसद चंद्रशेखर आजाद पर अश्लील टिप्पणी करने को लेकर यूट्यूबर अजीत भारती के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज

Written by sabrang india | Published on: August 25, 2026
दलित महिलाओं और सांसद चंद्रशेखर आजाद पर अश्लील टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यूट्यूबर पर मामला दर्ज किया है।



सोशल मीडिया पर विवादित और भड़काऊ बयानों के लिए चर्चित यूट्यूबर अजीत भारती की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू थाने में उनके खिलाफ दलित समाज की महिलाओं, नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. आंबेडकर के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक, यौन और जातिसूचक टिप्पणियां करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

द मूकनायक की रिपोर्ट के अनुसार, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं की लिखित शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने यह सख्त कानूनी कदम उठाया है।

पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर (संख्या 30/2026) के दस्तावेजों के अनुसार, यह शिकायत आजाद समाज पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष बालकराम बौद्ध द्वारा 23 अगस्त 2026 को की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अजीत भारती ने अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित एक वीडियो कार्यक्रम के दौरान बहुजन समाज के महापुरुषों और सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि उन्होंने दलित महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां कीं, जिन्हें सार्वजनिक रूप से प्रसारित किया गया। शिकायत के अनुसार, इस मामले को लेकर समाज के लोगों में गुस्सा है।



मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने आरोपी यूट्यूबर के खिलाफ विभिन्न सख्त कानूनी प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर में एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की विभिन्न धाराओं के साथ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम, 2000 की धारा 67 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 196(1)(c) और 351(3) के तहत आरोप दर्ज किए गए हैं। मामले की आगे की जांच एसीपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आजाद समाज पार्टी के नेताओं ने कहा कि समाज के महापुरुषों और महिलाओं के अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य हिमांशु वाल्मीकि ने पुलिस कार्रवाई को कानून की जीत बताया। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कानून के तहत दिया गया एक कड़ा जवाब है।

हिमांशु वाल्मीकि ने अपने बयान में कहा कि सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां करने वाले अजीत भारती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए साथी नॉर्थ एवेन्यू थाने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि साथियों के प्रयासों के बाद संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई भी जारी रहेगी।

अपने कड़े संदेश में हिमांशु वाल्मीकि ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को सामाजिक सम्मान और संवैधानिक मूल्यों का अपमान करने की छूट नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर अपमानजनक या जातिवादी मानसिकता को बढ़ावा देना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने दोहराया कि उनका संघर्ष कानून के दायरे में रहकर सामाजिक सम्मान, न्याय और संविधान की रक्षा के लिए लगातार जारी रहेगा।

Related

यात्रियों के जातिसूचक शब्दों से नाराज दलित कैब ड्राइवर का 100 साल के लिए अकाउंट सस्पेंड

राजस्थान: SDM ऑफिस में कवर के लिए गए दलित पत्रकार पर नुकीले हथियार से हमला, जातिसूचक गालियां देने का आरोप

बाकी ख़बरें