झारखंड : पति को बंधक बनाकर 17 दरिंदों ने महिला से किया गैंगरेप

Written by sabrang india | Published on: December 10, 2020
झारखंड के दुमका जिले में एक महिला से 17 युवकों द्वारा कथित रूप से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। दुमका मुफस्सिल थना क्षेत्र में घटी यह घटना मंगलवार रात्रि की है जब महिला अपने पति के साथ हटिया से लौट रही थी। 



महिला ने आरोप लगाया है कि रास्ते में लौटने वक्त रात में कुछ लोगों ने उसके पति को बंधक बना लिया और फिर उसके साथ 17 युवकों ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

बुधवार को दुमका के डीआइजी सुदर्शन प्रसाद मंडल सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने मौके जायजा लिया। पुलिस ने इस मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया है और उसके बारे में बताया जा रहा है कि उसने पहले भी उक्त महिला से छेड़छाड़ की है। 16 अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही हैं, हालांकि महिला उनकी पहचान पीड़िता नहीं कर सकी है। जिस युवक को गिरफ्तार किया गया महिला उसे पहचानती है।



महिला की मेडिकल जांच करायी गई है। हालांकि डीआइजी सुदर्शन प्रसाद मंडल ने कहा है कि महिला के बयानों में थोड़ा विरोधाभास है इसलिए मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। इस मामले में ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।महिला से एसपी अंबर लकड़ा ने खुद पूछताछ की है।

दुमका जिले में हाल के महीनों में सामूहिक दुष्कर्म के कई मामले सामने आए हैं। लॉकडाउन के दौरान ही एक आदिवासी युवती ने अपने दोस्त से घर जाने के लिए मदद मांगी थी तो लड़के ने उसे सूनसान जगह पर ले जाकर अपने नौ साथियों के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। फिर लड़की को बुरी तरह से मारपीट कर व मरा समझ कर सभी भाग गए। सुबह लड़की रेंगती हुई रोड तक पहुंची थी और फिर ग्रामीणों की उस पर नजर पड़ी तो लोगों ने उसकी मदद की।

बाकी ख़बरें