ओडिशा के मुख्यमंत्री की बहन और मशहूर लेखिका गीता मेहता ने पद्म श्री अवॉर्ड लेने से किया इनकार

Written by Sabrangindia Staff | Published on: January 26, 2019
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार की ओर से पद्म श्री पुरस्कार के लिए जिन नामों की घोषणा की गई थी उनमें एक नाम मशहूर लेखिका और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की बहन गीता मेहता ने पुरस्कार लेने से इनकार कर दिया। गीता ने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर इस सम्मान को न स्वीकारने की जानकारी साझा की। उन्होने लिखा, मैं यह पुरस्कार नहीं ले सकती क्योंकि देने की टाइमिंग सही नहीं है।



प्रेस को जारी एक बयान में गीता ने कहा, भारत सरकार ने मुझे पद्म श्री जैसे सम्मान के लिए चुना इसके लिए मैं बहुत गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। पर मुझे अफसोस है कि मैं यह सम्मान नहीं ले सकती। भारत में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं और इस सम्मान के लिए जो टाइमिंग चुनी गई है, उससे गलत संदेश जाएगा। जो मुझे और सरकार को शर्मिंदा कर सकता है। इसका मुझे हमेशा अफसोस रहेगा।

गीता ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की बड़ी बहन हैं और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की बेटी हैं। गीता को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्म श्री के लिए चुना गया था। पद्म श्री देश का चौथा सबसे बड़े नागरिक सम्मान है।  उन्होंने पिछले 40 बरसों के अपने साहित्यिक जीवन में कई उल्लेखनीय किताबें लिखी हैं। गृह मंत्रालय ने गीता मेहता को फॉरनर कैटिगरी में अवॉर्ड दिया है। बताया जा रहा है कि वह अभी न्यूयॉर्क में हैं।

बाकी ख़बरें