लॉकडाउन के बीच मध्यप्रदेश में इंसानियत हुई शर्मसार, 6 साल की मासूम से रेप के बाद आंखें फोड़ी

Written by sabrang india | Published on: April 24, 2020
भोपाल। देशव्यापी लॉकडाउन के बीच मध्यप्रदेश के दामोह से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आ रही है। दमोह में एक छह साल की बच्‍ची के साथ बलात्कार कर उसकी आंखें फोड़ने की घटना सामने आई है। दमोह पुलिस के मुताबिक हमलावर ने बच्‍ची के घर के पास इस घटना को अंजाम दिया। बच्‍ची को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।



दमोह के पुलिस अधीक्षक हेमंत चौहान ने मीडिया को बताया, ‘बुधवार शाम छह वर्षीय बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक वह लापता हो गयी। उसे आसपास ढूंढने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। पुलिस ने बच्ची को तलाशा, तो वह आज दोपहर अपने घर के समीप स्थित एक किसान के बाड़ा में मरणासन्न हालत में मिली।।।बच्‍ची के साथ रेप किया गया और उसके आंखों पर भी गंभीर चोटें हैं।’

एसपी ने आगे कहा कि बच्ची को जबलपुर भेज दिया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी का पता नहीं चल सका है। उनके मुताबिक पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुष्कर्म की इस घटना को शर्मनाक बताते हुए इसके अपराधी को जल्द पकडने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ‘दमोह ज़िले में एक मासूम बिटिया के साथ हुई दुष्कर्म की घटना शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने घटना का संज्ञान लेकर अपराधी को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश दिए हैं। उस दरिंदे को सख्त से सख्त सज़ा दी जाएगी! बिटिया के समुचित इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।’

बाकी ख़बरें