नीतीश सरकार में जंगलराजः मनचलों की गैंग ने स्कूल से लौट रही छात्रा के साथ सरेआम छेड़छाड़ की

Written by Sabrangindia Staff | Published on: August 28, 2018
बिहार की नीतीश सरकार में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मुजफ्फरपुर शेल्टर होम में बच्चियों के साथ रेप के मामले ने जहां पूरी दुनिया में भारत को शर्मसार किया वहीं अब स्कूल से लौट रही छात्रा के साथ सरेआम छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। 

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कुछ मनचले लड़की से छेड़छाड़ करते नजर आऐ रहे हैं। वीडियो बिहार के सहरसा का बताया जा रहा है। इंटरनेट पर वीडियो वायरल हो जाने के बाद बिहार पुलिस हरकत में आई और मामले पर संज्ञान लेते हुए मनचलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। वीडियो में दिखाई दे रहे लड़कों में से एक एक को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।



सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कुल सात लड़के एक स्कूली छात्रा से छेड़खानी करते हुए दिख रहे हैं। छात्रा अपनी साइकिल में किताबें दबाकर गुजर रही थी जब मनचले उसे परेशान करने लगे। लड़के छात्रा को वहीं रोक लेते हैं और उसे परेशान करने लग जाते हैं। छात्रा उनसे गुहार भी लगाती है कि वो उसे घर जाने दें, लेकिन मनचलों पर कोई असर नहीं पड़ता। लड़के छात्रा का हाथ पकड़कर भी खींचते हैं और उसे जबरन पकड़ते भी हैं। लड़की का दुपट्टा भी खी्ंच लिया जाता है।

वीडियो में केवल एक ही युवक दिखाई दे रहा है जो छात्रा को मनचलों से बचाने की कोशिश कर रहा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वारयल हो जाने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मनचलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। सात मनचलों में से एक लड़के की गिरफ्तारी हो चुकी है, वहीं अन्य की तलाश जारी है। 

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने राज्य में महिलाओं को सुरक्षा को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने मामले पर ट्वीट करते हुए लिखा, 'महिलाओं के खिलाफ अपराध, छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटनाओं से बिहार शर्मसार हो रहा है। नालंदा, गया, मधुबनी, कैमूर, जहानाबाद, रोहतास, सासाराम, आरा के बाद अब सहरसा का वीडियो वायरल हो रहा है। मुजफ्फरपुर व पटना शेल्टर होम में तो महापाप हुआ। चाचा, नींद से जागिये।'

बाकी ख़बरें