छेड़छाड़ की घटनाओं पर बीएचयू की छात्राओं की हुंकार- मनचलों को लाठी से सिखाएंगे सबक

Written by Sabrangindia Staff | Published on: January 31, 2023
भगत सिंह छात्र मोर्चा के नेतृत्व में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की छात्राओं ने सोमवार को लाठी-डंडों के साथ चेतावनी मार्च निकाला। छात्राओं ने कहा कि पिछले 20 दिनों में बीएचयू परिसर में चार लड़कियों के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है और ना जाने कितने मामलों को ऐसे ही दबा दिया जाता है।



जारी विज्ञप्ति के अनुसार छात्राओं ने कहा कि, बीएचयू कैम्पस में लड़कियां सुरक्षित नहीं है क्योंकि कैम्पस में कुछ मनचलों द्वारा लगातार महिला विरोधी गतिविधियां किया जा रहा है। लड़कियां लगातार कैम्पस के अंदर सेक्सुअल हैराशमेंट का शिकार हो रही हैं। पिछले 20 दिनों में बीएचयू में चार लड़कियों के साथ सेक्सुअल हैराशमेंट का मामला सामने आया है और न जाने कितने मामलों को तो ऐसे ही दबा दिया जाता है जो आम छात्रों तक पहुंच ही नहीं पाता है। उसी के खिलाफ छात्राओं ने पूरे तेवर के साथ लंपटों एवं पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए जोरदार नारेबाजी की।



मार्च के दौरान आक्रोशित छात्राओं ने मनचलों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आगे से लड़कियों के साथ छेड़खानी हुआ तो अब चुप नहीं रहेंगी, उन्होंने कहा हम पलटवार करेंगे और उन अपराधियों को वहीं पीटेंगे और करारा जवाब देंगे इसके लिए चाहे उन्हे कुछ भी करना पड़े क्योंकि अब छात्राओं को पुलिस प्रशासन और बीएचयू प्रशासन से कोई उम्मीद नहीं बची है। छात्राओं ने हाथ में लाठी लेकर जोरदार नारेबाजी की और लंपटों को चेतावनी देते हुए कहा- लंपटों की एक दवाई, जूता चप्पल और कुटाई।



बीएचयू प्रशासन और  पुलिस प्रशासन दोनो को  चेतावनी देते हुए बताया गया अगर पुलिस प्रशासन आरोपी के खिलाफ कठोर संज्ञान नहीं लेती है और कैम्पस में महिलाओं  की सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं निभाती है तो हम छात्र छात्राएं एक विशाल आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे और इसका जिम्मेदार बीएचयू प्रशासन और पुलिस प्रशासन होगा। मार्च के दौरान छात्रों ने पीड़िताओं के लिए न्याय की मांग की एवं आरोपियों के खिलाफ़ शीघ्र संज्ञान लेने को कहा।








एक माह में छेड़खानी की चार घटनाएं
बता दें कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्राओं के साथ छेड़खानी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते एक माह में छात्राओं के साथ छेड़खानी के चार मामले सामने आए हैं। बीएचयू चौकी पुलिस की लापरवाही से आपराधिक घटनाएं परिसर में बढ़ रही हैं। छात्राओं का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद बीएचयू चौकी पुलिस से कोई सुनवाई नहीं होती है। 

दृष्टिबाधित छात्रा के साथ छेड़खानी के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
दृष्टिबाधित छात्रा के साथ छेड़खानी के आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छात्रों का धरना जारी है। सोमवार को भी छात्र आरोपी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। दृष्टिबाधित छात्रा के साथ छेड़खानी का आरोपी जमानत पर बाहर है। छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराएं नहीं लगाईं। 25 जनवरी की शाम बाइक पर लिफ्ट देने के बहाने दृष्टिबाधित छात्रा के साथ छेड़खानी हुई थी। 

Related:
सावित्रीबाई फुले के प्रेम-पत्र- जोतिबा के नाम
‘म्हारी छोरियों के कमाल के पीछे ग़ुरबत और संघर्ष की कहानियां छुपी हैं’
हिंदू कॉलेज में बुर्का पहनने वाली छात्राओं को प्रवेश देने से इनकार, विरोध प्रदर्शन: यूपी

बाकी ख़बरें