तेलंगाना: महिला डॉक्टर को रेप के बाद बेरहमी से जला डाला, मदद के बहाने आए थे दरिंदे

Written by sabrang india | Published on: November 29, 2019
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में 27 वर्षीय महिला पशु चिकित्सक की रेप के बाद हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद महिला डॉक्टर की लाश भी जला डाली। यह घटना बुधवार (27 नवंबर) रात हुई। उस वक्त पीड़िता स्कूटी पंक्चर होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। माना जा रहा है कि 2 लोगों ने मदद करने के बहाने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल, पुलिस इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।




साइबराबाद पुलिस के मुताबिक, महिला डॉक्टर रात करीब 8 बजे अपने क्लिनिक से घर लौट रही थी। रास्ते में उसकी स्कूटी पंक्चर हो गई, जिसकी जानकारी उसने अपनी बहन को दी। बहन ने स्कूटी टोल प्लाजा पर छोड़ने और कैब से घर आने की सलाह दी। इससे पहले कि महिला डॉक्टर कोई फैसला लेती, 2 लोगों ने उसे मदद की पेशकश की और उसकी स्कूटी रिपेयर कराने के लिए ले गए।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी उसकी डेडबॉडी को कुछ किलोमीटर दूर स्थित निर्माणाधीन पुल के पास ले गए और जला दिया। जांच के दौरान घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर महिला डॉक्टर के इनरवियर मिले हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि पीड़िता का यौन उत्पीड़न किया गया। 

पुलिस के मुताबिक, फिलहाल वारदात को अंजाम देने वालों की संख्या का सटीक पता नहीं लग पाया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि इस घटना को क्या उन्हीं लोगों ने अंजाम दिया, जो महिला डॉक्टर की स्कूटी रिपेयर कराने गए थे।

साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार के मुताबिक, ‘‘महिला के परिजनों ने बताया कि रोजाना वह अपनी स्कूटी से घर से टोंडूपल्ली टोल प्लाजा तक जाती थी और वहां गाड़ी पार्क करके कैब से क्लिनिक पहुंचती थी। बुधवार रात जब वह टोल प्लाजा पर पहुंची तो स्कूटी पंक्चर मिली। इसके बाद उसने रात करीब 8:20 पर अपनी बहन को कॉल किया। 

उस दौरान महिला डॉक्टर ने 2 लोगों द्वारा मदद मिलने और स्कूटी रिपेयरिंग होने का इंतजार करने की बात कही। उस वक्त वह सड़क किनारे अकेली खड़ी थी। कुछ समय बाद उसका फोन स्विच्ड ऑफ हो गया।’’ बताया जा रहा है कि परिजनों ने देर रात तक महिला को तलाश किया और कुछ पता नहीं चलने पर शमशाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई।

बाकी ख़बरें